state-congress-president-lallu-met-nd-family-members-killed-by-miscreants
state-congress-president-lallu-met-nd-family-members-killed-by-miscreants

बदमाशों की गोली से मारे गये एनडी के परिजनों से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लल्लू

वाराणसी, 07 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू बुधवार को बदमाशों के गोली से मारे गये प्रापर्टी डीलर एनडी तिवारी के पैतृक गांव अखरी पहुंचे। मृतक के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें ढांढस बढ़ाया और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रदेश अध्यक्ष ने मृतक के परिजनों को हर तरह से सहयोग देेने का भरोसा कर कहा कि इस मामले में पार्टी उनके साथ है। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि एनडी तिवारी के हत्यारों को पुलिस शीघ्र गिरफ्तार करे। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नही मिलता पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है। पार्टी के कार्यकर्ता न्याय दिलाने के लिए सड़क पर प्रदर्शन करेंगें। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले को लेकर पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी पुलिस कमिश्नर से मिलेंगे और उनके सामने तिवारी के परिजनों की सुरक्षा की मांग उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं इस बात को सदन में उठाऊंगा और मुख्यमंत्री और डीजीपी को पत्र लिखकर परिजनों को सुरक्षा के लिए कहूंगा। पत्रकारों से बातचीत के उन्होंने सरकार पर हमला बोल कहा कि पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है। कांग्रेस पार्टी लगातार इस जंगलराज के खिलाफ संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि होली के दिन से आज तक वाराणसी और उसके आस-पास के जनपदों में 9 हत्याएं हुई है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में क्या हो रहा है। एक दिवसीय दौरे पर जिले में आये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लंका रविदास गेट के पास चाकूबाजी में पिछले दिनों मारे गये सोनू मौर्य के परिजनों से भी मिले। पूर्व विधायक अजय राय महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के साथ प्रदेश अध्यक्ष ने मृतक के परिजनों का ढाढस बंधाया। उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस घड़ी में उनके साथ है और उनके न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने चाकूबाजी की घटना में घायल मृतक के भाई मोनू मौर्य का हाल भी परिजनों से जाना। मोनू का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है। लंका से प्रदेश अध्यक्ष रामनगर पहुंचे तो शास्त्री चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। यहां प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के मूर्ति पर माल्यर्पण भी किया। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ राजेश मिश्र, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा आदि भी मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in