sp39s-delegation-to-visit-unnao-on-20-to-meet-family-members
sp39s-delegation-to-visit-unnao-on-20-to-meet-family-members

उन्नाव प्रकरण की जांच के लिए 20 को जाएगा सपा का प्रतिनिधिमण्डल, परिजनों से करेगा भेंट

-अखिलेश बोले, भाजपा के कारण महिलाओं-बेटियों के लिये उप्र सबसे असुरक्षित प्रदेश लखनऊ, 18 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर उन्नाव प्रकरण की जांच के लिए प्रतिनिधिमण्डल 20 फरवरी को पीड़ित परिजनों से भेंट कर घटना की जांच करेगा। प्रतिनिधिमण्डल में पूर्व सांसद अन्नू टण्डन, पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, एमएलसी सुनील सिंह साजन, पूर्व राज्यमंत्री सुधीर रावत, मनीषा दीपक तथा उन्नाव समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द सिंह यादव शामिल होंगे। वहीं अखिलेश यादव ने प्रकरण को लेकर कहा कि बेटियों के लिए काल बन चुके भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में सत्ता संरक्षित नृशंस अत्याचार की एक और विचलित कर देने वाली घटना हुई है। दो दलित लड़कियों की हत्या कर दी गयी और एक अति गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। यह अत्यंत दुःखद घटना है। इसमें संलिप्त दरिन्दों को कठोरतम सजा सुनिश्चित होनी चाहिए। सपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि लगता है मुख्यमंत्री जी को कानून व्यवस्था को लेकर कोई चिंता नहीं है। उनका पूरा समय सिर्फ कहीं और बीत रहा है। भाजपा के कारण महिलाओं और बेटियों के लिये यूपी सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। यह सूबे की जनता के लिए डरावना संदेश है। दिन दहाड़े बलात्कार, छेड़खानी और महिला उत्पीड़न पर अंकुश लगाने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति कोई नीति नहीं है। सपा सरकार में विश्वस्तरीय महिला सुरक्षा तंत्र 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन को भी वर्तमान सरकार ने बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश अब 'हत्या प्रदेश' बन गया है। उन्होंने कहा कि उन्नाव की घटना यह साबित कर रही है कि उप्र में जंगलराज कायम हो गया है। दलित उत्पीड़न और बच्चियों के साथ लगातार हो रही घटनाओं से प्रदेश का जनमानस आक्रोशित है। प्रदेश की जनता भाजपा द्वारा दिये गये पिछले विधान सभा के चुनावी नारे 'बहुत हुआ नारी पर वार' की सच्चाई जानना चाहती है। महिला विरोधी भाजपा सरकार प्रदेश में अविलम्ब महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक इसका विरोध करेगी। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in