राज्‍यसभा में भाजपा के मुख्‍य सचेतक बने शिव प्रताप शुक्‍ल
राज्‍यसभा में भाजपा के मुख्‍य सचेतक बने शिव प्रताप शुक्‍ल

राज्‍यसभा में भाजपा के मुख्‍य सचेतक बने शिव प्रताप शुक्‍ल

गोरखपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और राज्यसभा सदस्य शिवप्रताप शुक्ल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नई जिम्मेदारी दी है। अब वह राज्यसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उच्च सदन में पार्टी के लिए व्हिप जारी करने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी। भाजपा के दिग्गज नेता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक और उसकी विचारधारा के पोषक होने के नाते शिव प्रताप शुक्ल की संगठन में गहरी पकड़ मानी जाती है। उनको चीफ व्हिप बनाए जाने की जानकारी देते हुए उनके भतीजे और भाजपा नेता अष्टभुजा शुक्ल ने बताया कि शिव प्रताप शुक्ल को पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने से उनके समर्थकों में भारी उत्साह है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में शिवप्रताप शुक्ल को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री का ओहदा मिला था। ऐसा है राजनैतिक सफर शिवप्रताप शुक्ल के राजनीतिक सफर की शुरुआत 1970 में हुई थी। वह सबसे पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े। 1981 में पहली बार भाजयुमो के क्षेत्रीय मंत्री बने। इमरजेंसी में मीसा के तहत गिरफ्तार हुये। करीब 19 महीने जेल में रहे। वर्ष 2012 में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बने। गोरखपुर से वर्ष 1989 में कांग्रेस के सुनील शास्त्री को हराकर पहली बार विधानसभा में पहुंचे। वर्ष 1989, 1991, 1993 और 1996 में लगातार गोरखपुर से विधायक चुने गये। तीन बार कैबिनेट मंत्री भी रहे। भाजपा संगठन में उनकी खासी पकड़ है इसीलिए मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी उन्हें मंत्री पद मिलने की सम्भावना जताई जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। संगठन में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना तय माना जा रहा था। मंगलवार को उन्हें राज्यसभा में भाजपा का मुख्य सचेतक चीफ व्हिप बनाने की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक एक-दूसरे को बधाई देने लगे। हिन्दुस्थान समाचार/आमोद/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in