pump-canal-will-come-under-protection-at-a-cost-of-rs-107360-lakh
pump-canal-will-come-under-protection-at-a-cost-of-rs-107360-lakh

1073.60 लाख रुपये की लागत से सुरक्षा के दायरे में आयेगा पम्प केनाल

- यमुना नदी की कटान से पम्प केनाल और विभाग को बचाने के लिये विधायक ने किया शिलान्यास हमीरपुर, 23 मार्च (हि.स.)। यमुना नदी किनारे स्थित पम्प केनाल को कटान से बचाये जाने के लिये सदर विधायक ने मंगलवार को 1073.60 लाख रुपये की परियोजना का शिलान्यास किया है। हवन पूजन के बाद निर्माण कार्य का श्रीगणेश हो जाने से आधा दर्जन गांवों के किसानों में खुशी देखी जा रही है। कुरारा क्षेत्र के मनकीकला गांव के पास यमुना नदी किनारे बिलौटा पम्प केनाल संचालित है। हर साल यमुना नदी में बाढ़ के दौरान कटान से ये पम्प केनाल क्षतिग्रस्त हो रहा है। मौदहा बांध निर्माण खंड हमीरपुर ने पम्प केनाल को बचाने के लिये 1073.60 लाख रुपये की कार्ययोजना शासन को भेजी थी जिसे मंजूरी भी मिल गयी है। सदर विधायक युवराज सिंह ने आज पम्प केनाल पहुंचे और कटान निरोधक कार्य परियोजना का निर्माण कार्य हवन पूजन के साथ शुरू कराया। विधायक ने बताया कि इस पम्प केनाल से मनकी क्षेत्र के मनकी खुर्द, उमराहट, हरौलीपुर, भेदन डेरा सहित कई गांवों के किसानों को खेती के लिये पानी मिलेगा। पम्प केनाल के नीचे यमुना नदी में हो रही लगातार कटान से केनाल स्थल पर बने कार्यालय और कर्मियों के आवास अब सुरक्षित हो जायेंगे। कटान रोकने के लिये पिचिन बनाने को धनराशि भी अवमुक्त हो गयी है। इस मौके पर राजेश तिवारी, पंकज सिंह राजवत, अखिलेश सिंह गौर, हरनारायण सिंह व आशीष कुमार समेत तमाम लोग मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ पंकज

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in