कल खुला रहेगा प्रयागराज, भारत बंद का होगा विरोध
प्रयागराज, 25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने भारत बंद का विरोध किया है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि 26 फरवरी को समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान अपने निर्धारित समयानुसार खुलेंगे और व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित रहेंगी। मीडिया प्रभारी मो अकरम ने बताया है कि श्री कंछल ने समस्त प्रांतीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, नगर अध्यक्ष, नगर महामंत्री, युवा महिला एवं उद्योग मंच के पदाधिकारियों को पत्र द्वारा अवगत कराया है कि किसी एक व्यापारिक संगठन द्वारा भारत बंद के नाम पर व्यापार बंद रखने की सूचना प्रसारित की जा रही है। इस सम्बन्ध में सभी को अवगत कराते हुए कहा है कि इस बंद से उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मण्डल का कोई लेना-देना नहीं है। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त