prayagraj-congress-will-fight-for-the-lease-of-nishad---priyanka-gandhi
prayagraj-congress-will-fight-for-the-lease-of-nishad---priyanka-gandhi

प्रयागराज : निषादों के पट्टे की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस - प्रियंका गांधी

- टूटी नावों तक गांव की निषाद महिलाओं के साथ पहुंची प्रियंका गांधी प्रयागराज, 21 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस अब बसवार मुद्दे पर निषादों के समर्थन में उतर आई है। इसकी कमान खुद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने संभाल ली है। महासचिव रविवार दोपहर सीधे घूरपुर के बसवार गांव पहुंची। यमुना किनारे टीले पर मौजूद निषाद समुदाय के लोगों की समस्याएं सुन कर उन्होंने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। प्रयागराज एयरपोर्ट पर पहुंचने पर प्रियंका गांधी वाड्रा का नाविक सुजीत निषाद ने स्वागत किया, सुजीत निषाद ने पिछले प्रयागराज दौरे पर प्रियंका के साथ नाव चलायी थी। इसके साथ ही नाविक बलिराम साहनी भी मौजूद रहे जो गंगा यात्रा के दौरान प्रियंका के साथ रहे थे। महासचिव के साथ गाड़ी में बैठकर नाविक सुजीत निषाद और बलिराम साहनी बंसवार गांव पहुंचे, जहां निषाद समुदाय का पुलिस उत्पीड़न किया गया था। बंसवार गांव पहुंचकर पीड़ित महिलाओं से मिलकर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मैं आपकी समस्याओं और दुःख को समझने के लिए यहां आयी हूं। पिछले साल जब गंगा यात्रा में मैं गयी थी, तब आप मेरे साथ थे। इन्होंने मुझे बताया कि किस तरह से पहले पट्टे मिलते थे। आपका अधिकार होता था और आपको कुछ चीजों की छूट थी। छूट इसलिए दी गयी थी क्योंकि उस समय की सरकार यह समझती थी कि आपके अधिकार क्या हैं। वह यह बात समझती थी और पूरी दुनिया इस समय समझ रही है जो पर्यावरण है, नदिया हैं, जंगल है जो उसके आसपास रहते हैं उनकी कमाई उसी से है वह उसकी हानि कभी नहीं कर सकते। उन्होंने पीड़ितों से बात करते हुए कहा कि लेकिन जो बड़े-बड़े उद्योगपति हैं, ठेकेदार हैं उनका जीवन तो नदी, जंगल से जुड़ा नहीं होता और तब जो वह व्यापार करते हैं उनको कोई मतलब नहीं होता कि नदी की हानि हो रही है। जंगलों की हानि हो रही है। यह समझ आप में है। क्योंकि आप पुश्तों से यह काम कर रहे हैं और इसी काम पर आपका जीवन निर्भर है। इस काम के बिना आपका जीवन मुश्किल है। तो यह बात जब सरकार समझती है तो ऐसे नियम कानून नीतियां क्यों नहीं बनाती जिससे आपका भला हो, नदी का भला हो। उन्होंने कहा कि आज की सरकार आपके लिए नहीं चल रही है। अलग-अलग माफियाओं के लिए चल रही है। उन्होंने कहा कि किसानों का आंदोलन चल रहा है। उनकी समस्याओं को भी सरकार नहीं समझ रही है। आपकी समस्याओं को यह सरकार पूरी तरह से समझ रही है लेकिन मदद नहीं करना चाहती। जो कृषि कानून बनाये गये हैं उससे किसान का नुकसान हो रहा है। बड़े-बड़े उद्योगपति, खरबपति का फायदा हो रहा है। उसी तरह से जो कानून गंगा नदी और यमुना नदी और नदियों पर लागू हो रहा है वह कानून आपकी भलाई के लिए नहीं है नदी की भलाई के लिए हैं। वह कानून इसलिए लागू किये जा रहे हैं ताकि उनसे उद्योगपतियों को लाभ पहुंच सके। यह कानून इस तरह लागू किया गया है कि वह अपना कारोबार कर सकते हैं, वह नदी से कमाई कर सकते हैं, लेकिन आप नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मैं आपकी पीड़ा समझ सकती हूं। सरकार, पुलिस प्रशासन को शर्म आनी चाहिए। जिस तरह से मैंने वीडियो देखा कि किस तरह आपके बच्चों को मारा गया। नाव तोड़ी, हम इस मुद्दे को उठायेंगे। पुरी तरह से आपकी लड़ाई लड़ेंगे। यह आपकी बहादुरी है। आपने बहुत मदद की है इस सरकार की। आपके वोट से यह सरकार बनी है। लेकिन भूल गये हैं मैं बार-बार कहती हूं जो नेता हैं जब वह भूल गए है। प्रियंका ने कहा कि उनके जाने के बाद यदि निषाद समुदाय को प्रताड़ित किया जायेगा तो हमारे कांग्रेस कार्यकर्ता, कांग्रेस नेता हैं आपकी मदद करेंगे और आपके साथ खड़े रहेंगे। आपकी मदद के लिए तत्पर रहेंगे और उत्पीड़न नहीं होने देंगे। राजनीतिक लाभ की जिज्ञासा से दौरा : विभवनाथ भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के बसवार मे दौरे को लेकर कहा कि प्रियंका गांधी निषादों के दुःख पर मलहम लगाने नहीं बल्कि अपनी खोई हुई राजनीतिक जनाधार की तलाश मे भटक रही हैं। लेकिन यह 21वीं सदी का भारत है। कांग्रेस ने देश और गरीबों को गर्त में डाला है। अब जनता बहकावें में नहीं आने वाली है। प्रशासन निषादों के टूटी नावों की मरम्मत करा रही है। शासन प्रशासन निषादों के हर सुख-दुख में साथ खड़ी है। हिन्दुस्थान समाचार/ विद्याकांत/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in