peace-sacrifice-performed-on-the-anniversary-of-victoria-park-fire
peace-sacrifice-performed-on-the-anniversary-of-victoria-park-fire

विक्टोरिया पार्क अग्निकांड की बरसी पर हुआ शांति यज्ञ

मेरठ, 10 अप्रैल (हि.स.)। विक्टोरिया पार्क अग्निकांड की 15वीं बरसी पर शनिवार को विक्टोरिया पार्क अग्निकांड आहत कल्याण समिति ने शांति यज्ञ का आयोजन किया। इस दौरान पार्क में बनाई गई स्मारिका पर यज्ञ में आहुति देते हुए सभी ने इस कांड में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विक्टोरिया पार्क अग्निकांड आहत कल्याण समिति के सदस्य संजय गुप्ता के साथ इस कांड के कई अन्य पीड़ित विक्टोरिया पार्क में एकत्र हुए। जहां सभी ने यज्ञ और हवन में आहुति देते हुए इस कांड में असमय काल के गाल में समाए अपनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बताते चलें, इस बार कोरोना काल के चलते विक्टोरिया पार्क अग्निकांड आहत कल्याण समिति के सदस्यों ने कैंडल मार्च या अन्य कोई आयोजन स्थगित कर दिया है। हवन और यज्ञ के दौरान समिति के पदाधिकारी नरेश तायल, कमल रस्तोगी, वीरेंद्र कुमार और सतीश चंद्र एडवोकेट आदि मौजूद रहे। गौरतलब है कि, 10 अप्रैल 2006 को विक्टोरिया पार्क में लगाए गए कंजूमर मेले में भीषण आग लग गई थी। जिसकी चपेट में आकर 65 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए थे। अपनों की याद में हर साल 10 अप्रैल के दिन उनके परिवार के सदस्य विक्टोरिया पार्क में हवन और यज्ञ का आयोजन करते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in