one-year-extension-of-service-to-the-presiding-officer-of-lucknow-labor-court-vipin-dwivedi
one-year-extension-of-service-to-the-presiding-officer-of-lucknow-labor-court-vipin-dwivedi

लखनऊ श्रम न्यायालय के पीठासीन अधिकारी विपिन द्विवेदी को एक वर्ष का सेवा विस्तार

लखनऊ, 23 मार्च (हि.स.)। प्रदेश सरकार ने श्रम न्यायालय, लखनऊ के पीठासीन अधिकारी के पद पर नियुक्त सेवानिवृत आईएएस विपिन कुमार द्विवेदी का कार्यकाल इस पद पर एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन सुरेश चंद्रा ने मंगलवार को बताया कि श्रम न्यायालय, लखनऊ के पीठासीन अधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी की इस पद पर नियुक्ति 20 अप्रैल 2018 की विज्ञप्ति के आधार पर 03 वर्ष के लिए या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक के लिए की गई थी। श्री विपिन द्विवेदी का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि के अनुसार 22 अप्रैल 2021 को पूरा हो रहा है, जिसे प्रदेश सरकार ने सेवाकाल पूर्ण करने के बाद आगामी एक वर्ष की अवधि तक के लिए सेवा विस्तार दिया है। सात श्रम प्रवर्तन अधिकारी बने सहायक श्रम आयुक्त प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित सात श्रम प्रवर्तन अधिकारियों की प्रोन्नति सहायक श्रम आयुक्त के पद पर कर दी है। यह पदोन्नति सम्बन्धित पद पर चयन वर्ष 2019-20 की रिक्तियों के सापेक्ष की गई हैं। अपर मुख्य सचिव चंद्रा ने बताया कि सहायक श्रम आयुक्त के रिक्त पदों पर पदोन्नत श्रम प्रवर्तन अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश दे दिए गए हैं। इसमें प्रयागराज के श्रम प्रवर्तन अधिकारी विजय प्रताप यादव को कुशीनगर का सहायक श्रम आयुक्त बनाया गया है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी कानपुर नगर कमलेश कुमार कनौजिया को संत रविदास नगर (भदोही) का सहायक श्रम आयुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी बरेली हेमा टम्टा को कासगंज का सहायक श्रम आयुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी कानपुर देहात संजय कुमार को ललितपुर का सहायक श्रम आयुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी कानपुर नगर सुमन सिंह को चित्रकूट का सहायक श्रम आयुक्त बनाया गया है। इसी प्रकार श्रम प्रवर्तन अधिकारी गौतमबुद्ध नगर मिश्रीलाल पाल को गौतमबुद्ध नगर का सहायक श्रम आयुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मुरादाबाद सुरेंद्र सिंह को बरेली का सहायक श्रम आयुक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष की अवधि तक परिवीक्षा अवधि पर रहेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in