Munawwar Rana's daughter Sumiya joins SP, Akhilesh said, will take back the cases filed against the CAA
Munawwar Rana's daughter Sumiya joins SP, Akhilesh said, will take back the cases filed against the CAA

मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया सपा में शामिल, अखिलेश बोले सीएए के विरोध में दर्ज मुकदमे लेंगे वापस

लखनऊ, 29 दिसम्बर (हि.स.)। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ मोर्चा खोलने पर सुर्खियों में आयी मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गईं। उन्हे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सदस्यता दिलवाई। इस मौके पर बसपा के गोंडा से लोकसभा उम्मीदवार रहे मसूद आलम और पार्टी के मुख्य कोऑर्डिनेटर रमेश गौतम सहित अन्य नेताओं ने भी सपा की सदस्यता ली। इस दौरान अखिलेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रदेश में 2022 में उनकी सरकार बनने पर सीएए व एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों पर दर्ज किए गए मुकदमें वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा छोटे दलों के लिए दरवाजे खुले रखेगी। सपा लगातार छोटे दलों को जोड़ रही है। नया कृषि कानून किसानों के लिए डेथ वारंट अखिलेश ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक बदलाव होगा। भाजपा सरकार विरोध में उठने वाली हर आवाज को दबाने के लिए विरोधियों पर झूठे मुकदमे लगा रही है। यह सरकार जब तक नहीं जाएगी तब तक लोकतंत्र नहीं बच सकता है। उन्होंने कहा कि नया कृषि कानून किसानों के लिए डेथ वारंट है। किसान आन्दोलन में समाजवादी पार्टी ने लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। देश में इतने मुकदमे किसी भी राजनीतिक दल के नेताओं पर नहीं लगे होंगे जितने सपा नेताओं पर इस आन्दोलन के दौरान लगे। हाथरस मामले में अब न्याय की उम्मीद जगी सपा अध्यक्ष ने कहा कि हाथरस मामले में सीबीआई के चार्जशीट दाखिल करने के बाद अब न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने योगी सरकार पर इस मामले में लगातार झूठ बोलने का आरोप लगाया। सपा के कार्यों पर ही काम कर रही है भाजपा, सरकार का अपना विजन नहीं उन्होंने कहा कि भाजपा सपा के कार्यों पर ही काम कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार का अपना विजन नहीं है तभी गोरखपुर में मेट्रो नहीं बन पा रही। बाकी जगह सपा के विजन पर मेट्रो बन रही। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार एक्सप्रेस-वे के किनारे जो मंडिया बना रही थी उसका काम इस सरकार ने बंद करवा दिया है। उन्होंने सरकार से यह भी मांग की कि किसानों को दोगुनी आय के बराबर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाए। जो काम कभी सोचा नहीं जा सकता, वह करती है भाजपा अखिलेश ने कहा कि भाजपा और उनके लोगों से कुछ भी उम्मीद की जा सकती है। अखिलेश का कहना है कि जो काम कभी सोचा नहीं जा सकता, वह भाजपा करती है। उन्होंने मंत्रियों पर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार में कोई मंत्री फर्जी मोबाइल लॉन्च करता है तो कई मंत्री-अधिकारी मिल कर फर्जी ऑफिस चलाते हैं। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया है कि इस सरकार में किसी को भी आतंकवादी बताया जा सकता है और उनके खिलाफ एफआईआर भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि हज हाउस घोटाले मामले में आजम खां को जबरन फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि अगली बार जब उनकी सरकार आएगी तो वह जांच कराएंगे। पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा को हराने की अपील सपा अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सिर्फ नफरत की राजनीति कर रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा को हराने की अपील भी की। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in