mirjapur-20-percent-of-the-panchayats-of-the-district-will-change-its-picture
mirjapur-20-percent-of-the-panchayats-of-the-district-will-change-its-picture

मीरजापुर: जिले की 20 फीसदी पंचायतों की बदल जाएगी तस्वीर

-ग्राम प्रधान के लगभग 540 पद हो जाएंगे आरक्षित -इनमें महिला, ओबीसी, एससी और एसटी का पद है शामिल मीरजापुर, 04 मार्च (हि.स.)। शासन से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए गुरुवार को आरक्षण के लिए गाइडलाइन जारी किए जाने के बाद जिले की 20 फीसदी ग्राम पंचायतों की तस्वीर इस बार बदल जाएगी। त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था चक्रमानुक्रम आरक्षण व्यवस्था लागू किए जाने के बावजूद 20 फीसदी ग्राम पंचायतें किसी न किसी कारणवश आरक्षण की सूची में शामिल होने से बच जाया करती थी। इस बार इन्हीं ग्राम पंचायतों को सबसे पहले आरक्षित किया जाएगा। पंचायत राज विभाग के अधिकारियों की मानें तो जिले के 809 ग्राम प्रधानों की सीट में 540 पद किसी न किसी वर्ग के लिए आरक्षित हो जाएगी। ग्राम प्रधानों के 269 पद अनारक्षित रहेंगे। शासन की गाइडलाइन के मुताबिक सभी वर्ग की महिलाओं के लिए 33 फीसदी पद आरक्षित किया जाना है। इसकी संख्या 268 हो जाएगी। इसी तरह 27 फीसदी ओबीसी के लिए ग्राम प्रधान का पद आरक्षित होगा। ओबीसी के लिए 218, 21 फीसदी अनुसूचित जाति के लिए पद रिजर्व किया जाएगा। इनकी संख्या 170 होगी। इसी तरह दो फीसदी ग्राम प्रधानों का पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित होगा। इनकी संख्या 17 होगी। वहीं शेष ग्राम प्रधानों के पद अनारक्षित रहेंगे। शासन से गाइडलाइन जारी किए जाने के बाद पंचायत राज विभाग के अधिकारी व कर्मचारी ग्राम पंचायतों के आरक्षण के सम्बन्ध में गुणा-गणित करने में जुट गए। हालांकि पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को अभी इस सम्बन्ध में लखनऊ में ट्रेनिंग दी जानी है। इसके अलावा जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुख के पदों का आरक्षण शासन से किया जाना है। इसके बावजूद लोग आरक्षण के सम्बन्ध में जानकारी जुटाने में लगे रहे। जिले के आठ ब्लॉक आरक्षित, छानबे व सिटी महिला के लिए सुरक्षित जिले के 12 ब्लॉकों में आठ ब्लॉक विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित कर दिये गये हैं। वहीं छानबे और सिटी ब्लॉक महिलाओं के लिए सुरक्षित किया गया है। ब्लॉक प्रमुखों की आरक्षण सूची जारी होते ही कई दिग्गज चुनाव मैदान से बाहर हो गए। अब चुनाव मैदान से बाहर हो चुके दिग्गज अपने करीबियों पर दांव लगाने की फिराक में है। कोन ब्लॉक, मझवां, पहाड़ी और राजगढ़ ब्लॉक अनारक्षित है। सीखड़ व नरायनपुर ब्लॉक को पिछड़ा वर्ग के प्रमुख पद के लिए सुरक्षित किया गया है। जमालपुर ब्लॉक की प्रमुखी पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। वहीं लालगंज और हलिया ब्लॉक के प्रमुख का पद अनुसूचित जाति और पटेहरा ब्लॉक के प्रमुख का पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए सुरक्षित किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/संजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in