केंद्रीय मंत्री साध्वी ने पौधरोपण कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को किया नमन
केंद्रीय मंत्री साध्वी ने पौधरोपण कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को किया नमन

केंद्रीय मंत्री साध्वी ने पौधरोपण कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को किया नमन

फतेहपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने बावनी इमली शहीदी स्मारक पहुंच कर स्वतंत्रता संग्राम के बावन अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। इस मौके पर उन्होंने पौधरोपण कर अन्य लोगों से भी पौध रोपित करने की अपील किया। इस मौके पर उन्होंने कानपुर प्रकरण की चर्चा करते हुए कहा कि आठ पुलिस कर्मियों की शहादत दुखद है, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री निश्चित रूप से अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करेंगे। केंद्रीय मंत्री शुक्रवार की दोपहर बिंदकी खजुहा रोड स्थित बावनी इमली शहीद स्मारक पहुंची। उन्होंने अमर शहीद ठाकुर जोधा सिंह अटैया समेत बावन अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किया। उन्होंने शहीद स्थल पर पौधरोपण भी किया। उन्होंने मौजूद लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने की अपील की और कहा कि सिर्फ पौधे लगाने से काम नहीं चलेगा बल्कि उनकी रखवाली देखभाल कर उन्हें बड़ा करने की भी जिम्मेदारी निभानी होगी। बावन इमली शहीद स्मारक में सफाई व्यवस्था न होने कारण वह नाराज हुई और वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि यहां की सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से कराई जाए वरना जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि लाखों रुपए का बजट खर्च होने के बाद भी हालात सही नहीं है। इस मौके पर उन्होंने चौबेपुर और बिल्हौर के बीच हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे द्वारा पुलिस बल पर ताबड़तोड़ गोली चलाने की घटना की चर्चा हुए दुःख जताया और कहा कि घटना में आठ पुलिस कर्मचारी शहीद हुए हैं, आधा दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। शहीद पुलिस कर्मचारियों पर मैं शोक प्रकट करती हूं और निश्चित रूप से ऐसे जघन्य अपराध करने वाले आरोपी के खिलाफ प्रदेश की योगी सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। इस मौके पर उप जिलाधिकारी आशीष कुमार के अलावा भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा, भाजपा नेता वीरेंद्र दुबे, बैजनाथ वर्मा, खजुहा ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सुतीक्षण सिंह, अवधेश सिंह, सोमवती निषाद, रितिक विश्वकर्मा, रोहित कश्यप सहित तमाम लोग मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री साध्वी बावनी इमली शहीद स्मारक से सीधे तहसील स्थित सभागार पहुंची। वहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी तथा मौजूद अधिकारियों से समस्याओं के निराकरण का निर्देश दिया। इस मौके पर उन्होंने भाजपा के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। भाजपा मंडल जिंदगी के अध्यक्ष अतुल द्विवेदी ने नगर के पश्चिम और उत्तर दिशा में लोहारी मोहल्ला के पास स्थित डोडा से बनी कॉलोनियों का मुद्दा उठाया और कहा कि पिछले एक दशक से यह कॉलोनी जिनकी संख्या करीब साठ है बेकार पड़ी है। इनको गरीबों को आवंटित करने का काम किया जाए। वहीं भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा ने भी कई समस्याएं बताई। उन्होंने सभी समस्याओं के शीघ समाधान का आश्वासन दिया। हिन्दुस्थान समाचार/देवेन्द्र/विद्या कान्त-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in