media-world-grieved-over-the-death-of-senior-kashi-journalist-ramendra-singh
media-world-grieved-over-the-death-of-senior-kashi-journalist-ramendra-singh

काशी के वरिष्ठ पत्रकार रामेन्द्र सिंह के निधन से मीडिया जगत शोकाकुल

वाराणसी, 22 अप्रैल (हि.स.)। एक दैनिक समाचार पत्र के वरिष्ठ संवाददाता रामेन्द्र सिंह भी कोरोना के भेंट चढ़ गए। गुरुवार को उनके निधन की जानकारी पाते ही मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई। लंका स्थित एक निजी अस्पताल में संक्रमित होने पर बुधवार की शाम भर्ती कराये गये थे। जहां आज उन्होंने अन्तिम सांस ली। उनके असामायिक निधन से दुखी पत्रकारों के साथ विभिन्न पत्रकार संगठनों, नगर के सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने व्यक्तित्व को याद कर सोशल मीडिया के जरिये श्रद्धांजलि दी। पूरे दिन उन्हें श्रद्धांजलि देने का क्रम बना रहा। सोशल मीडिया में वरिष्ठ पत्रकार अनिल भाष्कर ने लिखा रामेंद्र चले गए। कैसे यकीं करूं, क्या काल इतना क्रूर हो सकता है, क्या अनहोनी का चेहरा इतना वीभत्स हो सकता है, क्या सत्कर्मों की अंतिम परिणति इतनी त्रासद हो सकती है। क्या हजारों दिलों की दुआएं बेमानी हो सकती हैं। हे बाबा विश्वनाथ! ये क्या किया, इतनी भी क्या जल्दी थी प्रभु कम से कम एक बार रामेंद्र के पाप-पुण्य का बहीखाता तो ठीक से जांच लिया होता। उसकी अर्जित सदकामनाओं का ठीक से हिसाब तो कर लिया होता। इसी तरह वरिष्ठ खेल पत्रकार शुभाकर दुबे ने लिखा पत्रकारों पर कहर बरपा है। ईश्वर रामेन्द्र के परिजनों को ये दुख सहन करने की शक्ति दे। काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष सुभाष सिंह ने लिखा कि रामेन्द्र सिंह जुझारू और मृदुभाषी पत्रकार थे। महामंत्री डॉ अत्रि भारद्वाज ने लिखा कि ये अप्रत्याशित रूप से शून्य में ढ़केल देने वाली खबर है। रामेन्द्र बहुत ही अंतर्मुखी मगर कलम के धनी पत्रकार थे। कांग्रेस के नेता और पूर्व विधायक अजय राय ने लिखा कि सहजता, सरलता और सौम्यता के साथ-साथ दमदार पत्रकारिता करने वाले मेरे अत्यंत करीबी वरिष्ठ पत्रकार भाई रामेंद्र सिंह का निधन हमारे परिवार की व्यक्तिगत क्षति है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शराफत हुसैन के हृदयाघात से निधन पर कैरम जगत भी शोकाकुल है। प्रदेश कैरम एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और आगरा कैरम एसोसिएशन के महासचिव शराफत हुसेन के निधन पर पदाधिकारियों ने शोक बताया है। शोक जताने वालों में श्रीमती भारती नारायन, डॉ अशोक सिंह, बैजनाथ सिंह, जहीर अहमद, सरदार रणबीर सिंह आदि शामिल रहे। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in