mahamantra-is-ram39s-name-there-is-no-break-in-it-morari-bapu
mahamantra-is-ram39s-name-there-is-no-break-in-it-morari-bapu

महामंत्र है राम नाम, इसका कोई तोड़ नहीं : मोरारी बापू

कुशीनगर, 24 जनवरी (हि. स.)। राम नाम महामंत्र है। राम नाम के जप से विश्रांति मिलती है। कथा सुनते-सुनते व्यक्ति विश्राम को प्राप्त कर लेता है। राम नाम की साधना से वरदान की प्राप्ति होती है। राम नाम सुमिरन का फल आशीर्वाद रूप में मिलता है। प्रख्यात कथा व्यास मोरारी बापू ने बुद्धस्थली कुशीनगर में अपनी रामकथा के दूसरे दिन रविवार को भक्तों को राम कथा की महिमा बताते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि राम मंत्र का कोई तोड़ नहीं। राम मंत्र मांगलिक है। हर किसी का मंगल करने वाला है। काल के काल भी राम मंत्र सुनकर लौट जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक राम हैं। तब तक पुत्र पुत्र है। हितैषी, हितैषी और मित्र मित्र है। जब राम तत्व चला जाता है तब पुत्र, मित्र और हितैषी यमदूत लगने लगते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानघाट पर भगवान शिव ने माता पार्वती को रामकथा सुनाई। तीर्थराज प्रयाग में भारद्वाज मुनि ने याज्ञवल्क्य को रामकथा सुनाई। तीसरा उपासना घाट नीलगिरि पर्वत पर कागभुसुंडी ने गरुड़ को रामकथा सुनाई। शरणागति घाट पर गोस्वामी तुलसी दास जी ने साधु-संतों को रामकथा सुनाई। उन्होंने कलियुग में राम महामंत्र को तारक मंत्र बताया, जो जगत को तार रहा और तैरना सिखा रहा है। नाम के प्रभाव से ही जिसको विश्राम मिले वो राम है। राम तत्व आदि अनादि है। जब कोई नहीं था तब भी राम थे और आज भी राम हैं। राम नाम है जो बीज मंत्र भी है। राम के नाम से बड़ा कोई भजन नहीं है। राम नाम जाप करने से ध्यान, यज्ञ, पूजा और अर्चना हो जाती है। हिन्दुस्थान समाचार/गोपाल/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in