बलिया : शहर में 21 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन, बनाए गए 29 सुपर कंटेन्टमेंट जोन
बलिया : शहर में 21 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन, बनाए गए 29 सुपर कंटेन्टमेंट जोन

बलिया : शहर में 21 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन, बनाए गए 29 सुपर कंटेन्टमेंट जोन

-पहले से सख्त होगा यह प्रतिबंध, दस जुलाई से होगा लागू बलिया, 09 जुलाई (हि. स.)। कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के देखते हुए डीएम श्रीहरि प्रताप शाही ने शहर व इसके आसपास के इलाके में हुई पूर्णबन्दी को 21 जुलाई तक बढ़ा दिया है। शुक्रवार की रात 10 बजे से लागू होने वाली यह बन्दी थोड़ी सख्त होगी और कुछ हद तक लॉकडाउन-1 की तरह होगी। इसमें केवल आवश्यक सेवाएं व वस्तुओं की आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवा, शांति व्यवस्था से जुड़े कार्मिक व गतिविधियां ही चालू रहेंगी। जुलाई के प्रारंभ में जिले में कोरोना के जितने मामले थे, फिलहाल उसके दोगुना केस हो गए हैं। कोरोना के मामले जिले में तीन सौ के आंकड़े को पार कर गए हैं। लिहाजा शहर में लगायी गई पाबंदियां और दस दिन के लिए बढ़ा दी गई हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछली बंदी में सभी दुकानों को खोलने की अनुमति थी, लेकिन इस बार चिन्हित दुकानें ही खुलेंगी। मोहल्लावार इसकी सूची बनाई जा रही है, जो शुक्रवार को जारी की जाएगी। चिन्हित दुकानें भी सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही खुल सकेंगी। दुकानदारों को मास्क, सैनिटाइजर व सोशल डिस्टेंस का पूरा ख्याल रखना होगा। आवश्यक सेवाओं को छोड़ अन्य कार्यालय रहेंगे बन्द जिलाधिकारी ने बताया कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े सरकारी संस्थानों को छोड़ बाकी सभी कार्यालय बंद रहेंगे। अधिकारी-कर्मचारी अपने घरों से ही जरूरी काम निपटाएंगे। बताया कि बन्दी के बीच चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, जिला प्रशासन, पुलिस, नगर विकास, खाद्य एवं आपूर्ति, डाक विभाग, अग्निशमन, ई-कॉमर्स, मीडिया और हाकर्स, पेट्रोल पंप, गैस सर्विस से संबंधित कार्यालय व गतिविधियां ही जारी रह सकेंगी। अब व्यक्तिगत वाहन भी नहीं चलेंगे उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन के लिए शहर व इसके आसपास का इलाका पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सार्वजनिक वाहन जैसे टैक्सी, जीप, टेंपो, ई-रिक्शा आदि तो पहले से ही बंद थे, अब व्यक्तिगत वाहन पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। आवश्यक सेवाओं में लगे कार्मिक भी अपनी आईडी या वाहन पास लेकर ही चल सकेंगे। एनएच के जरिए जनपद से बाहर जाने वाले वाहन ही जा सकेंगे। पुलिसिया कार्रवाई होगी तेज जिलाधिकारी ने अपील की है कि दवा-इलाज कराने या बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। अन्यथा अब पुलिस भी सख्ती से निपटेगी। सड़क पर कोई फालतू वाहन ना चले इसके लिए पुलिस महकमे को निर्देश दे दिया गया है। प्रवर्तन कार्य तेज होगा। मास्क नहीं लगाने वालों पर 500 जुर्माना लगेगा। अगर कोई फालतू घूमता हुआ मिला तो उसका वाहन सील तो होगा ही, एफआईआर भी दर्ज होगी। शहर व इसके आसपास के प्रतिबंधित इलाके में कोई भी वाहन नहीं चलेगा। सर्वे के लिए बढ़ाई गई बन्दी की समय सीमा जिले में कुल 835 टीमें बनी है, जिनमें 34 सिर्फ बलिया शहर में काम कर रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि एक हफ्ते में स्थिति और गंभीर हुई है। एक सप्ताह दिन पहले बन्दी कर घर-घर सर्वे कराने का निर्णय महत्वपूर्ण रहा। सर्वे में मिले लक्षण व अन्य जानकारी के हिसाब से जांच हुई और पॉजिटिव केस सामने भी आए। बताया कि अब तक 64 हजार जनसंख्या कवर हुई है। एक लाख से ज्यादा लोगों को अभी आच्छादित करना है। इसीलिए इस लॉकडाउन को बढ़ाने की जरूरत महसूस हुई। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/उपेन्द्र-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in