light-of-bjp39s-development-corruption-at-its-peak-akhilesh-yadav
light-of-bjp39s-development-corruption-at-its-peak-akhilesh-yadav

भाजपा के विकास की बत्ती गुल, भ्रष्टाचार चरम पर : अखिलेश यादव

-बसपा के कोआर्डिनेटर सहित कई नेता सपा में हुए शामिल लखनऊ, 21 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस और अपराधियों के लिए राम नाम सत्य के जाप की पोल खुल रही है। चार दिन में ही उनके विकास की बत्ती गुल हो गई है। बिजली विभाग ने मुख्यमंत्री जी के वीआईपी गृह जनपद गोरखपुर में उन्हीं के द्वारा उद्घाटित गुरु गोरक्षनाथ घाट और रामघाट की बिजली काट दी है। ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कही। वह पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न नेताओं के सदस्यता लेने के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का आलम यह है कि बीमारी से ज्यादा लखनऊ एसजीपीजीआई में इलाज के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया मरीजों और तीमारदारों को दर्द दे रही है। डॉक्टर से पर्चा दिखाने के लिए लोग ओपीडी नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में इलाज कैसे होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पेट्रोल-डीजल के दाम इतने बढ़ गए हैं कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर के करीब सीमावर्ती इलाकों के लोग नेपाल जाकर तेल भराने को मजबूर है। महंगाई कम करने के नाम पर वोट लेने के बाद क्यों भाजपा महंगाई की आग में जला रही है। बीते 70 सालों में भी जो महंगाई नहीं आई उसे भाजपा सरकार ने सालभर में कर डाला। इस दौरान गौतमबुद्धनगर के बसपा कोआर्डिनेटर मनोज कुमार गौतम ने अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मनोज कुमार गौतम के साथ रंजीत सिंह पूर्व सदस्य एससी-एसटी आयोग भारत सरकार, दिवाकर गौतम कोआर्डिनेटर अलीगढ़-आगरा मण्डल, गुरदीप सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष गुफरान कुरैशी पूर्व जिला महासचिव, बुलन्दशहर तथा कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव साजिद सैफी भी सपा में शामिल हो गए। हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/संजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in