legislative-council-election-chief-minister-yogi-wishes-all-ten-uncontested-elected-members-of-bjp
legislative-council-election-chief-minister-yogi-wishes-all-ten-uncontested-elected-members-of-bjp

विधान परिषद चुनाव: मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा के सभी दस निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों को दी शुभकामनाएं

-कहा, 'अंत्योदय' व 'आत्मनिर्भर उप्र' की संकल्पना की पूर्णता में होंगे सहायक लखनऊ, 21 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद चुनाव में गुरुवार को भाजपा के सभी दस उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने पर उन्हे शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए आज निर्वाचित हुए सभी सम्मानित सदस्यों को हार्दिक बधाई। उन्होंने विश्वास जताया कि 'अंत्योदय' व 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' की संकल्पना की पूर्णता में सभी निर्वाचित सदस्य सहायक सिद्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएं दी हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचन के बाद प्रमाण पत्र प्राप्त करने पर सभी माननीय निर्वाचित सदस्यों को सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से विधान परिषद में भाजपा की ताकत बढ़ी है। कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा के सभी निर्विरोध नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इसके अलावा प्रदेश सरकार के कई अन्य मंत्रियों व भाजपा नेताओं ने भी निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों के लिए नामांकन करने वाले सभी उम्मीदवार आज निर्विरोध निर्वाचित हो गये हैं। इनमें सत्तारुढ़ भाजपा के दस और सपा के दो उम्मीदवार शामिल हैं। गुरुवार को नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने सभी 12 उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इस चुनाव में कानपुर के महेश चंद्र शर्मा ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में नामांकन किया था, लेकिन जांच के दौरान मंगलवार को उनका पर्चा खारिज हो गया था। महेश चंद्र शर्मा का पर्चा निरस्त होने के बाद ही 12 सीटों के लिए भाजपा के दस और सपा के दोनों उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। आज नाम वापसी की अवधि बीतने के बाद भाजपा और सपा के सभी उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा होनी थी, जो आज सम्पन्न हो गई। सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र भी प्रदान कर दिया गया। विधान परिषद पहुंचने वाले भाजपा के सदस्यों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, लक्ष्मण आचार्य, अवकाश प्राप्त आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा, कुंवर मानवेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, अश्विनी त्यागी, सलिल विश्नोई, सुरेंद्र चौधरी व धर्मवीर प्रजापति हैं। वहीं, सपा की तरफ से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अहमद हसन और पार्टी के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in