kovid-test-for-officer-employees-who-have-returned-from-election-duty
kovid-test-for-officer-employees-who-have-returned-from-election-duty

चुनाव ड्यूटी से लौटे अधिकारी-कर्मचारियों का हो कोविड टेस्ट

मेरठ, 29 अप्रैल (हि.स.)। महापौर सुनीता वर्मा ने जिलाधिकारी से चुनाव ड्यूटी से वापस लौटे अधिकारियों व कर्मचारियों की कोविड जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही महापौर ने आयुक्त को पत्र लिखकर गृह एकांतवास में रह रहे कोविड मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति करने की मांग उठाई। मेरठ की महापौर सुनीता वर्मा ने जिलाधिकारी के. बालाजी को पत्र लिखकर कहा है कि 26 अप्रैल को मेरठ जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न हो गए। इन चुनावों में बड़ी संख्या में अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। ड्यूटी करने के बाद कई अधिकारियों व कर्मचारियों की तबीयत खराब हो रही है। ऐसे में चुनाव ड्यूटी से लौटने वाले लोगों की कोविड जांच कराई जाए, ताकि संक्रमित मिलने पर उनका इलाज कराया जा सकें। महापौर ने आयुक्त सुरेंद्र सिंह को पत्र लिखकर गृह एकांतवास में रह रहे कोविड मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति करने की मांग की। महापौर ने कहा कि कोविड अस्पतालों में जगह नहीं मिलने पर बड़ी संख्या में कोविड मरीज गृह एकांतवास में रह रहे हैं और उन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता है। ऑक्सीजन प्लांट संचालक इन मरीजों के परिजनों को जिला प्रशासन का केवल हाॅस्पिटलों को ऑक्सीजन देने का आदेश बताकर वापस लौटा रहे हैं। इन गृह एकांतवास में रह रहे लोगों का जीवन खतरे में पड़ गया है। ऐसे में ऑक्सीजन की आवश्यकता वाले गृह एकांतवास के कोविड मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाए। महापौर ने नगर आयुक्त मनीष बंसल से नगर निगम द्वारा प्रतिदिन कराए जा रहे सेनेटाइजेशन, फाॅगिंग और अन्य व्यवस्था की सूचना प्रतिदिन उपलब्ध कराने को कहा है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in