kannauj-bjp-will-bet-on-women-and-youth-in-panchayat-elections
kannauj-bjp-will-bet-on-women-and-youth-in-panchayat-elections

कन्नौज: पंचायत चुनाव में महिला और युवाओं पर दांव लगाएगी भाजपा

कन्नौज,01 फरवरी (हि.स.)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार सत्तारूढ़ दल भाजपा बड़ी तादाद में महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। पार्टी केंद्र व राज्य सरकार की महिला सशक्तीकरण मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए आरक्षित सीटों के अलावा भी तमाम वार्डों से महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। इस चुनाव को महिलाओं के साथ ही पार्टी से जुड़े युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के प्लेटफार्म के रूप में पार्टी देख रही है। यह पहली बार है जब भाजपा बड़ी तैयारी के साथ राज्य के पंचायत चुनाव में दस्तक देने जा रही है। पार्टी इस चुनाव में तनिक भी कमजोर नहीं दिखना चाहती है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी की प्रदेश टीम के साथ ही क्षेत्रीय और जिले की टीमें अभी से पंचायत चुनाव की तैयारियों में लग गई हैं। 28 जनवरी से पार्टी ने 1600 संगठनात्मक ग्रामीण मंडलों में बैठकें शुरू कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित तमाम बड़े पदाधिकारी इन बैठकों में शामिल हो रहे हैं। यह कार्यक्रम तीन फरवरी तक चलेगा। तीन फरवरी के बाद वार्डवार बैठकें करेगी भाजपा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंचायत चुनाव के प्रभारी विजय बहादुर पाठक के मुताबिक तीन फरवरी के बाद पार्टी जिला पंचायत वार्डों में बैठकें शुरू करेगी। पार्टी जिला पंचायत सदस्य के सभी 3051 वार्डों में प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को इस चुनाव में मौका दिया जाएगा। महिलाओं और युवाओं पर अधिक फोकस रहेगा। इस चुनाव से पार्टी को ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी तादाद में जुझारू और संघर्षशील नेता मिल जाएंगे। हिन्दुस्थान समाचार/संजीव झा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in