international-women39s-day-women-welfare-department-will-honor-half-the-population
international-women39s-day-women-welfare-department-will-honor-half-the-population

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: महिला कल्याण विभाग आधी आबादी को करेगा सम्मानित

हाथरस, 07 मार्च (हि.स.)। जीत की खातिर बस जूनून चाहिए, जिनमें उबाल हो ऐसा खून चाहिए। ये आसमा भी आ जाएगा जमीं पर, बस इरादों में जीत की गूंज चाहिए। पूरा विश्व आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मना रहा है। इस दिन जगह-जगह महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। जनपद में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर 'हिम्मती हाथरस साहसी नारी' अभियान के तहत साहसिक कार्य करने वाली महिलाओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा सम्मानित किया जाएगा। महिला कल्याण विभाग द्वारा सम्मानित किए जाने वाली महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी हुईं हैं। जाहिर है इन महिलाओं के परिश्रम की कहानी भी अलग-अलग है। शहर की साकेत कॉलोनी निवासी प्रिया मित्तल इन्हीं में से एक हैं। प्रिया मित्तल डाइटिशियन हैं। प्रिया का कहना है कि उन्होंने सोच लिया था कि ऐसी चमकती सुबह मैं लाऊंगी, जो दूसरी औरतों को जीवन को भी चमका देगीl अपनी परेशानियों की वजह से उन्होंने अपनी सेहत को सुधारने के साथ-साथ दूसरों की सेहत सुधारने का भी जिम्मा उठाया और एक ऐसी कम्पनी खोल दी जो दूसरों को सेहत सुधारने के जिम्मेदार उपाय बताने के साथ-साथ उन्हें एक प्रेरणादायक रोजगार भी देती है। उन्होंने बताया कि इससे लोगों को फायदा हुआ और प्रिया ने सफलता की काफी सीढ़ियां चढ़ी। उन्हें उनके कार्य के फल स्वरुप सर्वश्रेष्ठ इंटरनेशनल हेल्थ केयर एक्सीलेंस अवार्ड 2019-20 का खिताब भी मिला। जब कोरोना महामारी ने दुनिया को घेर लिया तब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अभियान फिट इंडिया हिट इंडिया के तहत में लोगों को जागरूक किया और उनकी सेहत का ख्याल रखा। इसी तरह मनीषा उपाध्याय शहर की इकलौती महिला पत्रकार हैं। वह अंग्रेजी में स्नातकोत्तर हैं। साथ ही इन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार में भी मास्टर्स किया है। वह पिछले करीब 15 वर्षों से दूरदर्शन उत्तर प्रदेश की जिला संवाददाता हैं। इन्होंने अपनी खबरों के माध्यम से समाज में अलग पहचान बनाई है। मनीषा ने विशेष तौर पर समाज से जुड़ी खबरों नारी सशक्तीकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई व उनके प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य किया है। इनको उत्कृष्ट कार्य के लिए कई पुरस्कार भी मिले हैं। मनीषा वर्ष 2020 में नारी शक्ति को प्रणाम द्वारा जारी की गई प्रदेश की 51 इन्फ्लुएंस महिलाओं में शामिल हैं। सामाजिक कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहने वाली मनीषा सामूहिक विवाह, रक्तदान, महिला व बच्चों के उद्धार हेतु न केवल खबरों के माध्यम से मदद करतीं हैं, बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर भी उन्होंने मददगारों की तन, मन, धन से मदद की है। जहां भी महिलाओं या गरीबों के उत्थान की बात होती है, वह बढ़ चढ़ कर कार्य करतीं हैं। रितु गौतम विधि की छात्रा हैं। वह भारतीय होने के नाते अपने सामाजिक कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से पालन करती हैं। साथ ही लोगों को भी जागरूक कर देश व समाज के लिए उपयोगी बनाने का प्रयास करती रहती हैं। उनहोंने कोरोना काल में कोरोना वारियर्स के रूप में स्वयं सेवा दी व अन्य लोगों को भी वारियर्स की टीम से जोड़ा। शहर के मोहल्ला कोठी बेलनशाह के आंगनवाड़ी केन्द्र की कार्यकत्री जीवन चौहान के जीवन में मुश्किल तब आई जब वर्ष 2008 में उनके पति का निधन हो गया। तीन बेटियों के साथ परिवार के बुजुर्गों की भी जिम्मेदारी उनके ऊपर थी। ऐसे में उन्हें अपने शिक्षित होने का भी लाभ मिला। घर में ही ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया। कुछ दिन बाद जीवन पटरी पर आना शुरू हुआ। वर्ष 2011 में आंगनवाड़ी कार्यकत्री की नौकरी मिली तो जिम्मेदारियां कुछ आसान हुईं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है और एक को आज भी बेहतर शिक्षा दे रही हैं। जीवन बताती हैं कि इस दौरान उन्हें इस बात का अहसास हुआ कि अगर वह पढ़ी लिखी न होती तो वह अपने जीवन में कैसे आगे बढ़ती। ऐसे में उन्होंने अपने मोहल्ले की उन बेटियों का हाथ पकड़ना शुरू किया, जिनके परिवार की स्थिति उनके जैसी ही थी। आज भी वह गरीबों की बेटियों को मुफ्त ट्यूशन देती हैं। उनके आंगनवाड़ी केन्द्र व प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई छोड़ने वाली बेटियों को उन्होंने पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। जीवन बताती हैं कि उनका उद्देश्य है कि बेटियों को इतना साक्षर होना चाहिए कि मुश्किल परिस्थितियों में नौकरी आदि कर अपने जीवन को सम्मान के साथ जी सकें। महिला कल्याण अधिकारी मौनिका गौतम ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालिकाओं तथा महिलाओं को साहसिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान 11 बालिकाओं तथा महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। हिदुस्थान समाचार/चंद्रिल/संजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in