home-isolates-get-oxygen-immediately-yogi-adityanath
home-isolates-get-oxygen-immediately-yogi-adityanath

होम आइसोलेट मरीजों को तत्काल मिलें ऑक्सीजन : योगी आदित्यनाथ

सहारनपुर, 17 मई (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार दोपहर को सहारनपुर का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रदेश सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है। होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना मरीजों को तत्काल ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकाॅप्टर सोमवार दोपहर को सहारनपुर पुलिस लाइन में उतरा। वहां पर गन्ना मंत्री सुरेश राणा, आयुष मंत्री डाॅ. धर्म सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल, देवबंद विधायक कुंवर ब्रजेश सिंह, पूर्व विधायक राजीव गुंबर आदि ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कोविड कमांड एंड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड सेंटर में आने वाली हर समस्या व शिकायत पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक करके कोरोना महामारी से निपटने के प्रयासों की समीक्षा की। भाजपा जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से सहारनपुर मेडिकल काॅलेज को एम्स का दर्जा देने की मांग उठाई और मौजूदा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति असंतुष्टि जताई। बैठक में मंत्रियों के साथ ही कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, महापौर संजीव वालिया, विधायक देवेंद्र निम, विधायक किरत सिंह आदि मौजूद थे। अधिकारियों के साथ बैठक में आयुक्त एवी राजमौलि, पुलिस उप महानिरीक्षक उपेंद्र अग्रवाल, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह आदि मौजूद थे। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से निपटने में सरकार युद्ध स्तर पर जुटी है। संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारी की जा रही है। लोगों को टीके लगाने का काम तेजी से जारी है। प्रदेश सरकार लगातार गरीब लोगों को राहत देने के काम में जुटी है। कोरोना आपदा में लोगों का सहयोग भी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि डाॅक्टर इस समय दिल से मरीजों का उपचार कर रहे हैं। कंट्रोल रूम में बैठकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in