hindustani-academy-13-writers-selected-for-awards
hindustani-academy-13-writers-selected-for-awards

हिन्दुस्तानी एकेडेमी : पुरस्कारों के लिए 13 साहित्यकारों का चयन

प्रयागराज, 09 अप्रैल (हि.स.)। हिन्दुस्तानी एकेडेमी उ.प्र, प्रयागराज द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान किये जाने वाले तीन सम्मान शिखर सम्मान गुरु गोरक्षनाथ सम्मान, गोस्वामी तुलसीदास सम्मान तथा संत कबीरदास सम्मान के साथ प्रादेशिक स्तर पर 2020 में प्रकाशित पुस्तकों पर दिये जाने वाले कुल 13 सम्मानों को विशेषज्ञों द्वारा मूल्यांकन कर लिया गया है। जिन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुरस्कृत करेंगे। हिन्दुस्तानी एकेडेमी के अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह के अनुसार प्रथम शिखर सम्मान गुरू गोरक्षनाथ सम्मान राजस्थान, उदयपुर के डॉ. श्रीकृष्ण ‘जुगनू’ को आदिकालीन साहित्य में तथा गोस्वामी तुलसीदास सम्मान प्रतापगढ़ के महेन्द्र प्रताप सिंह को भक्तिकालीन साहित्य में (पांच लाख रू) एवं संत कबीर सम्मान प्रयागराज के रामकिशोर शर्मा को कबीर केन्द्रित साहित्य पर (चार लाख रू) अवदान हेतु चुना गया है। इसी प्रकार भारतेन्दु हरिश्चंद्र सम्मान प्रतापगढ़ के डॉ. रामबोध पाण्डेय को ‘महारथी कर्ण’ पुस्तक पर तथा महावीर प्रसाद द्विवेदी सम्मान कुशीनगर के डॉ. व्यासमणि त्रिपाठी को ‘कविता की नयी संवेदना’ पुस्तक पर (दो लाख), महादेवी वर्मा सम्मान प्रयागराज के डॉ.रतन कुमार वर्मा को ‘महिला सशक्तिकरणः चिन्तन की नई दिशाएं’ पुस्तक पर, फिराक गोरखपुरी सम्मान जालौन के डॉ.अंजना सिंह सेंगर को ‘अगर तुम मुझसे कह देते’, भिखारी ठाकुर भोजपुरी सम्मान चंदौली के जयशंकर प्रसाद द्विवेदी को ‘आखर आखर गीत’ पुस्तक पर, बनादास अवधी सम्मान सुलतानपुर के पवन कुमार सिंह को ‘मंगल होइ बिहान’ पुस्तक पर, कुम्भनदास ब्रजभाषा सम्मान मथुरा के अंजीव अंजुम को ‘जे बतियॉ यमुना के जल की’ पुस्तक पर तथा ईसुरी बुन्देली सम्मान कानपुर के डॉ. दया दीक्षित को ‘फाग लोक के ईसुरी’ पुस्तक पर (एक लाख रू.), हिन्दुस्तानी एकेडेमी युवा सम्मान मीरजापुर के शुभम श्रीवास्तव को ‘गीत लड़ेंगे अंधियारों से’ पुस्तक पर तथा चित्रकूट के अनिल कुमार निलय को ‘लाकडाउन पाजिटिव’ पुस्तक पर (11 हजार) के पुरस्कारों की संस्तुति की गयी है। इस बारे में एकेडेमी अध्यक्ष ने पूछे जाने पर बताया कि अभी मूल्यांकन हुआ है। सूची मुख्यमंत्री को भेजी जायेगी और उसके बाद पुरस्कृत करने का दिन निर्धारित होगा। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in