dwarkadhish-temple-devotees-dappled-women-drenched-in-the-colors-of-thakurji
dwarkadhish-temple-devotees-dappled-women-drenched-in-the-colors-of-thakurji

द्वारिकाधीश मंदिर : ठाकुरजी के रंगों में सराबोर हुए श्रद्धालु, नाची महिलाएं

मथुरा, 25 मार्च (हि.स.)। गुरूवार रंगभरनी एकादशी पर मथुरा के प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर में राजभोग के दर्शन के साथ ही सुबह दस बजे से रंग-गुलाल खूब उड़ा। मंदिर के अंदर मौजूद पुजारियों द्वारा सोने चांदी की पिचकारी से श्रद्धालुओं पर टेसू के चहकते पीले फूलों का रंग डाला तो बाहर रंग गुलाल में सराबोर श्रद्धालु स्वयं को भाग्यशाली मान रहे थे, श्रद्धालु होली के रसियाओं पर नाच-गा रहे थे। महिलायें होली के गीतों पर खूब नाच-गा रही थीं। होली के रसिया बने लोग अपनी-अपनी तान छेड़ रहे थे। ऐसा लग रहा था कि ब्रज की होरी रे रसियाओं पर श्रद्धालुओं के साथ-साथ पूरी सृष्टि आज नाच उठी हो। रंगभरनी एकादशी के पर्व पर कान्हा की नगरी मथुरा में होली उत्सव की धूम मची हुई है। ब्रज के समस्त मंदिरों में अबीर गुलाल उड़ रहा है तो वही होली खेलने को देश विदेश से श्रद्धालु मंदिरों में उमड़ रहे हैं। बरसाना, नंदगांव, श्रीबांके बिहारी जी मंदिर में होली के आयोजनों के क्रम शुरू होने के बाद गुरुवार को ब्रज मंडल के विश्वविख्यात पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रमुख श्री द्वारकाधीश मंदिर में होली का भव्य आयोजन किया गया। ‘‘आज ब्रज में होरी रे रसिया’’ जैसे रसियाओं पर श्रद्धालुओं के साथ सृष्टि भी नाच उठी। इस आनंद को लूटने के लिए हजारों भक्त मंदिर में एकत्रित हुए थे। मंदिर परिसर में तिनका मात्र जगह नहीं थी और होली रंगों में भीगकर सभी झंकृत हो रहे थे। सुबह दस से 11 बजे तक हुई रंगों की होली में ठाकुरजी के दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो गए। होली की मस्ती मे सराबोर श्रद्धालु होली के रंगो में सराबोर नजर आये जहां भगवान द्वारिकाधीश ने भक्तो के साथ सोने की पिचकारी से होली खेली। होली के माध्यम से अराध्य ठाकुरजी अपने भक्तो के साथ टेसू केशर के रंगो से होली खेलते है। श्रीद्वारिकाधीश मंदिर में होली की अनौखी छटा देखते ही बन रही थी पूरे मंदिर प्रांगण मैं होली पर्व की मस्ती मे डूबा हुआ था इस होली को देखने के लिये बडी संख्या मे श्रद्धालु उमडे हुए थे वही विदेशी श्रद्धालु भी होली की मस्ती मे डूबे नजर आये। श्रद्धालुओं का कहना था कि बृज मंडल जैसी होली अन्यत्र कहीं नही होती है। इसी प्रकार बृज के अन्य सभी प्रमुख मंदिरो मे भी होली पर्व की घूम मची हुई हे। पूरा बृज मंडल होली की मस्ती मे डूबा हुआ है। मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि यह होली का ऐसा माहौल 29 मार्च तक यूं बना रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in