dm-honors-10-manjis-who-save-lives-in-boat-accident
dm-honors-10-manjis-who-save-lives-in-boat-accident

नाव दुर्घटना में लोगों की जान बचाने वाले 10 मांझियों को डीएम ने किया सम्मानित

वाराणसी, 03 मार्च (हि.स.)। वाराणसी में नाव दुर्घटना में लोगों की जान बचाने वाले 10 नाविकों को रेडक्रॉस सोसाइटी की पहल पर बुधवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने अपने कैंप कार्यालय में सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने नाविकों को अंगवस्त्रम पहनाकर रेडक्रॉस सोसाइटी की तरफ से प्रत्येक को 2000 रुपये की पुरस्कार राशि भी दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि काशी में नाविक अथक परिश्रम करते हुए पर्यटकों को सैर कराकर मां गंगा की सेवा जैसा पुण्य कार्य तो करते ही हैं, गंगा नदी में नाव पलटने जैसी आपदा में अपनी जान की बाजी लगाकर डूबने वाले व्यक्तियों की प्राण रक्षा कर अनुकरणीय मिसाल भी पेश करते हैं। मांझी प्रशंसा के साथ ही सम्मान के हकदार हैं। बताते चलें कि दो माह पूर्व भदैनी घाट के सामने गंगा नदी में नाव पलटने से 4 लोगों की मृत्यु हुई थी। नाव सवार 7 अन्य व्यक्तियों को स्थानीय नाविक मल्लाहों ने साहस का परिचय देते हुए नदी में डूबने से बचा लिया था। जान बचाने वाले नाविकों में गिरधारी लाल, अनूप साहनी, विष्णु साहनी, संतोष साहनी, मोनू साहनी, नाटे साहनी, राजेन्द्र साहनी, संजू साहनी, सरोज साहनी व नाटे उर्फ श्यामसुंदर शामिल रहे। सभी को रेडक्रॉस सोसाइटी की तरफ से प्रशस्ति पत्र भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस सचिव डॉ संजय राय ने किया। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in