diseases-will-be-stopped-by-giving-information-about-communicable-disease-control
diseases-will-be-stopped-by-giving-information-about-communicable-disease-control

संचारी रोग नियंत्रण की जानकारी देकर रोकी जाएंगी बीमारियां

- कृषि विभाग आगामी एक से ३१ मार्च तक जिले में चलाएगा जागरूकता अभियान हमीरपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। कृषि विभाग एक से 31 मार्च तक आयोजित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत डेंगू व अन्य संचारी रोगों की रोकथाम व बचाव संबंधी जानकारी देगा। जिला कृषि अधिकारी डा.सरस कुमार तिवारी ने शुक्रवार को बताया कि दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संचारी रोगों जैसे डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, फाईलेरिया, कालाबाजार आदि को काबू करने के लिए मच्छरों के प्रजनन को रोका जाना है। बताया कि नालियों में जल भराव न होने, कुलरों का पानी बदलते रहने से डेंगू के लार्वा को फैलने से रोका जा सकता है। साथ ही घरों व आस पास साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों के साथ गोष्ठी कर जानकारी मुहैया कराएंगे। कहा कि चूहों से फसलों को लगभग 6-7 प्रतिशत तक नुकसान होता है। चूहों से मनुष्यों में स्क्रब टाइफस बीमारी (जीवाणु रिक्टीसिया सुसुगामुशी), लेफ्टो स्पायरोसिस बीमारी (लेप्टोस्पिरा जीनस), प्लेग (यूरेसीनिया पैस्टिस) आदि प्रकार की बीमारियां होती हैं। कहा कि इस बीमारी से बचने के लिए जूते अवश्य पहनें। चूहों के नियंत्रण के लिए जिंक फास्फाइड की 10 ग्राम मात्रा को 250-300 ग्राम दलिया में मिलाकर या 500 ग्राम आटे में मिलाकर गोलियां बनाकर खेत में चूहों के बिलों के पास रख दें। इसके अलावा चूहों को पकड़ने के लिए पिंजरे का प्रयोग भी किया जा सकता है। कहा कि चूहों के अलावा अन्ना पशु, बंदर, गिलहरी, पक्षी आदि फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। साथ ही कीटनाशक विक्रेताओं से कहा है कि इस अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार कर किसानों को साफ सफाई संचारी रोगों से फैलने वाली बीमारियों तथा उनके नियंत्रण व चूहों के नियंत्रण की जानकारी प्रदान करें। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि विभाग के सभी कर्मियों के जरिए ग्रामीण इलाकों में गोष्ठियां कराई जाएंगी। हिन्दुस्थान समाचार/ पंकज

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in