demand-to-install-rasuka-and-gangster-on-the-revenue-employee39s-killer
demand-to-install-rasuka-and-gangster-on-the-revenue-employee39s-killer

राजस्व कर्मी के हत्यारोपी पर रासुका व गैंगस्टर लगाने की मांग

- आडियो व वीडियो को भी विवेचना में शामिल करने की मांग - राजस्व कर्मी की गोली मारकर हत्या करने का मामला हमीरपुर, 03 मार्च (हि.स.)। राजस्व कर्मी के हत्यारोपी की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को दूसरे दिन भी कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ का कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन जारी रहा। मृतक के चाचा ने भतीजे की पत्नी व हत्यारोपी के साथ हुई बातचीत के साक्ष्य संघ के अध्यक्ष को सौंपे। उन्होंने इन साक्ष्यों को दर्ज मुकदमे की विवेचना में शामिल कराए जाने की मांग की। धरना के बाद संघ ने एडीएम को ज्ञापन देकर हत्यारोपी पर रासुका व गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की मांग की। पिछले रविवार को राजस्व कर्मी पंकज तिवारी की निवादा गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मंगलवार को परिजनों ने बिवांर थाने में हंगामा किया था। वहीं कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ भी हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिलाधिकारी से मिला था। बुधवार को भी कर्मचारियों ने धरना दिया। धरने में हत्याकांड के वादी ओमप्रकाश अपने परिजनों के साथ पहुंचे। जहां उन्होंने संघ के अध्यक्ष जगदीश निगम को साक्ष्य देते हुए बताया कि मृतक की पत्नी का हत्यारोपी के साथ पिछले दो वर्षों से संबंध हैं। उन्होंने महिला पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा मांग की कि इन साक्ष्यों को दर्ज मुकदमे में शामिल कराया जाए। संघ के पदाधिकारियों ने एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। साथ ही हत्यारोपी और मृतक की पत्नी के बीच हुई वार्ता की आडियो रिकार्डिंग, वीडियो व व्हाट्सएप चैट सौंपे। संघ ने हत्यारोपी पर रासुका और गैंगस्टर की कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस मौके पर संघ के जिला मंत्री प्रकाश सौरभ, उपाध्यक्ष कौशल किशोर मिश्र, चंद्रमौलि शुक्ला, सतेंद्र कुमार, श्यामाचरण, रामपाल कुशवाहा, अशोक सक्सेना, अवधेश अवस्थी, प्रभात तिवारी, विनय कुमार, जुगुल किशोर व अन्य मौजूद रहे। उधर मौदहा में भी राजस्व महासंघ के अध्यक्ष देवीप्रसाद वर्मा, मो.रिजवान, शफी मोहम्मद, संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद के अशोक निगम सहित अन्य संगठन के कर्मचारियों ने धरना दिया। राजस्व कर्मी का हत्यारोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद राजस्व कर्मी पंकज तिवारी की गोली मारकर हत्या करने वाले हत्यारोपी विनय सिंह को पुलिस ने जनपद जालौन के जोल्हूपुर मोड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कर्मचारी संगठनों व परिजनों का पुलिस पर ज्यादा दबाव था। मुख्यालय में कर्मचारी संघ गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे। उधर मृतक की पत्नी पर भी हत्या की साजिश रचने का आरोप मंगलवार को मृतक के चाचा ने लगाते हुए थानाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव को प्रार्थना पत्र दिया था। जानकारी के मुताबिक, हत्यारोपी घटना को अंजाम देने के बाद बांदा जनपद के खुरहंड अपने बहनोई विजय के घर पहुंचा। जहां बहनोई को घटना के बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने वहां से भगा दिया। जिसके बाद वह अपने ननिहाल जनपद जालौन के करमचंदपुर पहुंचा। वहां से भी उनके मामा को जैसे ही जानकारी हुई तो उसे जोल्हूपुर मोड़ पर छोड़ गए। जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि गोली मारने के बाद उसने गांव के ही चक्रपाल को अपना तमंचा दे दिया और बिना कुछ बताए भाग निकला। जिसके चलते पुलिस ने चक्रपाल को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर तमंचा बरामद किया है। पुलिस ने गांव के तीन युवकों राहुल, गणेश व प्रमोद को हिरासत में लिया है। सीओ मौदहा सौम्या पांडेय ने बुधवार को पूछताछ की। हत्यारोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस छह लोगों को हिरासत में लिए रही। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बुधवार को छोड़ा गया। हिन्दुस्थान समाचार/ पंकज

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in