coming-to-a-place-like-ayodhya-is-a-matter-of-good-luck-champat-rai
coming-to-a-place-like-ayodhya-is-a-matter-of-good-luck-champat-rai

अयोध्या जैसे स्थान पर आना सौभाग्य का विषय : चम्पत राय

अयोध्या, 16 अप्रैल (हि.स.)। डाभासेमर स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी चैम्पियनशिप के समापन अवसर पर शुक्रवार को श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने कहा कि रामनगरी में देश के कोने-कोने से खिलाड़ी आये। अयोध्या जैसे स्थान पर आना सौभाग्य का विषय है। इसके पूर्व उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व सांसद डॉ. हरिओम पाण्डेय, उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह की उपस्थिति में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। फाइनल मैच इंडियन रेलवे व सर्विसेज की टीम के बीच खेला गया। जिसमें इंडियन रेलवे ने सर्विसेज की टीम को 44-23 से शिकस्त दी। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव ने कहा कि कबड्डी खेल जीवन दर्शन को प्रगट करता है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता व्यक्ति में विकसित करता है। यह बहुत सस्ता खेल है। दो भाई छत पर भी इसे खेल सकते है। लम्बे समय के बाद इस खेल को देखकर काफी प्रसन्नता हुई। खिलाड़ियों से अपेक्षा है कि वह अपने खेल से देश का नाम ऊंचा करेंगे। इससे पहले हुए सेमीफाइनल में सर्विसेज ने महाराष्ट्र को 40-38 से तथा इंडियन रेलवे ने राजस्थान को 45-30 से पराजित किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष ने कहा कि कबड्डी गांवों में खेले जाने वाले पारम्परिक खेलों में एक है। प्रतिभावान खिलाड़ियों को अनूकूल अवसर प्रदान करने के लिए हम कटिबद्ध है। राष्ट्रीय कबड्डी चैम्पियनशिप का आयोजन उत्तर प्रदेश में खेल व खिलाड़ियों में कौशल के विकास का एक पर्याय बनेगा। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि कबड्डी खेल दर्शकों में हर पल रोमांच पैदा करता है। यहां के गांवो से निकला यह पारम्परिक खेल लगातार लोकप्रियता की ओर बढ़ता जा रहा है। यह खेल खिलाड़ियों के बीच टीम भावना विकसित करता है। उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कबड्डी को लेकर यूपी के गांवों में काफी प्रतिभाएं मौजूद है। गांवों के स्कूलों में यह खेल काफी प्रमुखता से खेला जाता है। खिलाड़ियों को आधुनिक चीजों से जोड़कर उन्हें सही प्लेटफार्म प्रदान करने की आवश्यकता है। यह आयोजन नये खिलाड़ियों के मनोबल को काफी सम्बल प्रदान करेगा। प्रतियोगिता के प्री क्वाटर फाईनल में सर्विसेज ने तमिलनाडु को 56-24 से हिमांचल प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को 43-23 से, महाराष्ट्र ने केरला को 37-07 से तथा उत्तर प्रदेश ने हरियाणा को 43-36 से हराया। वहीं क्वाटर फाईनल के पहले मुकाबले में इंडियन रेलवे ने चंडीगढ़ को 34-30 से राजस्थान ने कर्नाटक को 68-33 से सर्विसेज ने हिमांचल प्रदेश को 43-18 से, महाराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को कड़े मुकाबले में 38-37 से हराया। हिन्दुस्थान समाचार/पवन/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in