collectorate-employees-union-incites-arrest-of-killer-of-revenue-worker
collectorate-employees-union-incites-arrest-of-killer-of-revenue-worker

राजस्व कर्मी के हत्यारे की गिरफ्तारी को लेकर कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ भड़का

- विरोध प्रदर्शन कर की नारेबाजी, 24 घंटे में आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर दी आन्दोलन की धमकी हमीरपुर, 01 मार्च (हि.स.)। बिंवार क्षेत्र के निवादा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े सहायक राजस्व लेखाकार की गोली मारकर हत्या किये जाने से यहां सोमवार को कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ भड़क गया है। विरोध प्रदर्शन कर संघ ने एक ज्ञापन जिलाधिकारी को देकर 24 घंटे में हत्यारे की गिरफ्तारी न होने पर आन्दोलन की धमकी दी है। शोकसभा के बाद कर्मचारी राजस्व लेखाकार के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुये। बता दे कि, मौदहा तहसील में कार्यरत सहायक राजस्व लेखाकार पंकज तिवारी की उनके ग्राम निवादा में रविवार को दोपहर खेत से घर लौटते समय विनय सिंह ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के चौबीस घंटे बीतने के बावजूद हत्यारे की गिरफ्तारी न होने से जनपद के समस्त कर्मचारी आक्रोशित है। उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश निगम के नेतृत्व में आज कलेक्ट्रेट परिसर में कर्मचारियों की शोकसभा हुई। इस मौके पर सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि समस्त कर्मचारी मृतक पंकज तिवारी के अंतिम संस्कार में ग्राम निवादा में शामिल होंगे। जिस कारण आज सोमवार को कलेक्ट्रेट व समस्त तहसीलों में कंडोलेंस रहेगा। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि 2 मार्च मंगलवार को प्रात 10 बजे तक हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं होती है तो जनपद की समस्त तहसीलों एवं कलेक्ट्रेट के कर्मचारीगण हत्यारोपी की गिरफ्तारी न होने तक राजकीय कार्य से विरत रहेंगे। संगीनों के साये में राजस्व कर्मी का अंतिम संस्कार सहायक राजस्व लेखाकार की दिनदहाड़े हत्या के बाद से थाना बिवांर के ग्राम निवादा में दहशत का माहौल बना हुआ है। आज दूसरे दिन सोमवार को संगीनों के साये में उसका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के चाचा ने हत्यारे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दूसरी ओर गांव में इस घटना के बाद बवाल मचने की आशंका पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। आज दूसरे दिन सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक का शव ग्राम निवादा पहुंचा तो शोक की लहर छा गयी। परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े और यह देख ग्रामीणों के भी आंसू छलक पड़े। मृतक के अंतिम संस्कार के समय किसी बवाल की आशंका पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, एसडीएम मौदहा अजीत परेश, सीओ सौम्या पाण्डेय सहित ललपुरा, बिवांर, मुस्करा व मौदहा आदि थानों का भारी पुलिस बल मौजूद रहा। मृतक का अंतिम संस्कार संगीनों के साये में देरशाम किया गया। मृतक के चाचा ओमप्रकाश तिवारी ने हत्यारोपी विनय सिंह के खिलाफ धारा 302 के तहत रिपोर्ट दर्ज करायी है। वहीं, बिवांर पुलिस द्वारा हत्यारोपी की गिरफ्तारी को हिरासत में लिये गये 10 लोगों से सीओ सौम्या पाण्डेय ने पूंछतांछ की। हिन्दुस्थान समाचार/ पंकज

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in