
लखनऊ, 13 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हरदोई, बहराइच, देवरिया, एटा, कासगंज, शाहजहांपुर व सिद्धार्थनगर में तेज आंधी और अतिवृष्टि के कारण हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों को अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किये जाने सम्बन्धी निर्देश जिलाधिकारी को दिये हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने आपदा से प्रभावित व्यक्तियों को हर संभव मदद और राहत प्रदान किये जाने के भी निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार की शाम और गुरुवार को तेज आंधी और तूफान आया। बारिश के साथ आकाश से बिजली गिरी। इसकी वजह से कई जनहानियां हुई। कच्चे मकान, पेड़, बिजली के खम्बे और दीवार गिरी है। इससे कई जगहों पर आवागमन बाधित हुआ। प्रशासन अब पीड़ितों को उनके नुकसान क आकलन करके मुआवजे दिलाने की कवायद में जुट गया है। हिन्दुस्थान समाचार/दीपक