chief-minister-returns-serious-cases-filed-against-him-the-poor-do-not-care-akhilesh
chief-minister-returns-serious-cases-filed-against-him-the-poor-do-not-care-akhilesh

मुख्यमंत्री ने अपने पर दर्ज गम्भीर मुकदमे लिए वापस, गरीबों की परवाह नहीं : अखिलेश

-कहा, भाजपा के लोग संविधान और कानून से प्रदेश नहीं चलाना चाहते लखनऊ, 02 मार्च (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ऊपर लगे गम्भीर मुकदमे खुद वापस ले लिए लेकिन गरीबों पर मुकदमे लगाए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं पर दस हजार मुकदमे लगे हैं। सरकार को किसी की परवाह नहीं। अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस, बसपा और भाजपा छोड़कर विभिन्न नेताओं के सपा की सदस्यता लेने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब सभी लोगों की नजर सपा पर है। जब समाजवादी पार्टी को काम का मौका मिला था तब ईमानदारी से काम किया था। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग संविधान और कानून से प्रदेश नहीं चलाना चाहते हैं। यहां 'ठोक दो' चलता है, जिसमें कौन किसको ठोक दे पता नहीं चलता है। जेल में लोग मार दिए जाते है। कोई बोलेगा तो उसकी आवाज दबाने के लिए ईडी सीबीआई लगाने लगेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं। हाथरस में परिवार वाले अपने सामने बेटी का दाह संस्कार करना चाहते थे पर रामराज लाने वालों ने यह नहीं होने दिया। बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर पिता की हत्या कर दी गई। बेटी न्याय की गुहार लगाती रही। वह रो रही है। यह काण्ड भाजपा के लिए शर्मनाक है। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी और अधिकारी मिलकर साजिश कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश चौपट हो जाए। इनसे ज्यादा कोई झूठा नहीं। भाजपा के रामराज में अपहरण, बलात्कार क्यों हो रहे है? मुख्यमंत्री जी का इधर ध्यान नहीं है वे बंगाल और केरल में भ्रमित करने के लिए चुनाव प्रचार में जा रहे हैं जहां की बोली-भाषा भी वे नहीं जानते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट है। नौजवानों के भविष्य को खतरे में डाल दिया गया है। रोजगार उनके पास नहीं है, नहीं नौकरियां है। महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विकास और प्रदेश की खुशहाली का कोई विजन नहीं है, उसके पास सिर्फ टेली विजन है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि सुधार के नाम पर तीन काले कानून लाकर एमएसपी खत्म कर दी। बिचौलिये खुद मुनाफे के लिए काम करते हैं वो किसान को मुनाफा नहीं दे सकते हैं। सपा सरकार ने मंडियां बनाई थी, भाजपा सरकार ने मण्डी, एमएसपी दोनों को खत्म कर किसान को बाजार के भरोसे छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि हम गरीबों के लिए जो घर सोलर सहित बना रहे थे, वहां किसी को बिजली का बिल नहीं देना था। समाजवादियों ने काम किया और नारा दिया था काम बोलता है। भाजपा राजनीति को विपरीत दिशा पर ले जा रही है और हमारे नारे 'काम बोलता है' को भी नकल कर लिया गया। विभिन्न दलों के नेता सपा में हुए शामिल इस मौके पर कोरांव, इलाहाबाद से पूर्व विधायक रामकृपाल कोल तथा कामता सिंह बघेल ने कांग्रेस छोड़कर सपा की सदस्यता ली। संजीव वर्मा तथा संतोष कुमार सेठ वाराणसी भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए। वहीं बसपा से त्याग पत्र देकर तिर्वा कन्नौज के देवेन्द्र प्रताप सिंह स्वर्णकार, अमेठी के डॉ. के.डी. पासी, उतरौला बलरामपुर के परवेज उमर अहमद तथा रेहान उमर ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in