chief-minister-emphasizes-on-quality-timeliness-in-construction-projects
chief-minister-emphasizes-on-quality-timeliness-in-construction-projects

निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता पर मुख्यमंत्री ने दिया जोर

-समीक्षा बैठक में बोले,काशी में चल रहे विकास कार्य विश्व पटल पर उभर रहे वाराणसी, 07 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में निर्माणाधीन 123 बड़ी परियोजनाओं के प्रगति का हाल जाना। अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन रविवार को सर्किट हाउस सभागार में मुख्यमंत्री ने निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता व सुरक्षा मानकों के पालन पर खासा जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास अनवरत प्रक्रिया है। काशी में युद्धस्तर पर चल रहे विकास कार्य विश्व पटल पर उभरने लगे हैं। बैठक में अफसरों ने बताया कि जिले में 9175.77 करोड़ रूपये की 123 परियोजनाओं में 10 परियोजनाएं (137.87 करोड़) बीते जनवरी माह में पूरी हो गई है। चल रहे फरवरी माह के अंत तक 201.69 करोड़ रुपए की 14 परियोजनाएं पूर्ण हो जाएंगी। अगले महीने मार्चमें 1166.65 करोड़ रुपए की 28 परियोजनाएं भी पूर्ण हो जाएंगी तथा इसी वर्ष दिसंबर तक 4470.59 करोड़ रुपए की 59 परियोजनाएं को पूर्ण होने के लिए समय सीमा निर्धारित है। शेष 3198.97 करोड़ रुपए की 12 परियोजनाएं अगले वर्ष 2022 में पूर्ण होंगी। मार्च माह में पूरा होने वाली परियोजनाएं समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग से निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी परियोजना रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर इसी वित्तीय वर्ष मार्च 2021 तक पूर्ण हो जाएगा। बीएचयू में नर्सेज हॉस्टल, धर्मशाला, महिला छात्रावास, आईयूसीटीई भवन, छात्रावास में स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर के निर्माण कार्य अगस्त-सितंबर 2021 तक पूरे होने की उम्मीद है। वाराणसी अब परिवहन सुविधा का केंद्र बन रहा है। इससे अन्य जिलों को जोड़ने व शहर के आउटर फेरीफेरी रिंग रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जौनपुर, वाराणसी, आजमगढ़. वाराणसी तथा गाजीपुर.वाराणसी के राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण का कार्य जून.जुलाई 2021 तक पूर्ण हो जाएंगे। वाराणसी रिंग रोड फेज 2 जिसकी लागत 1354.67 करोड़ रुपए है पर तेजी से कार्य हो रहा है। कैंट से पहुंच मार्ग चौड़ीकरण, भिखारीपुर से एनएच.2 तब चौड़ीकरण कार्य 2 माह में पूर्ण हो जाएंगे। कपसेठी.भदोही मार्ग पर आरओबी इसी वर्ष जून में बन जाएगा। इसी तरह आशापुर आरओबी मार्च 2021 तक पूर्ण करने का समय रखा गया है। कालिका धाम पर पुल भी जून तक बन जाएगा। कोनिया.सलारपुर मार्ग पर कुल 2 माह में तैयार हो जाएगा। बहुउपयोगी फुलवरिया.सेंट्रल जेल मार्ग पर दो आरओबी, वरुणा नदी पर पुल तथा फोरलेन सड़क निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। लगभग 57 फ़ीसदी कार्य पूर्ण भी हो चुका है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर पर कार्य तेजी से हो रहा बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष महत्वाकांक्षी परियोजना श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर पर कार्य तेजी से हो रहा है। जिसे इसी वर्ष अगस्त 2021 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वाराणसी में घर.घर रसोई गैस पाइप लाइन से गैस आपूर्ति की योजना क्रियान्वित है। जिसमें 30 हजार घरों में इन्फ्राट्रक्चर तथा 17 हजार घरों में मीटर लगाया गया है। शहर में 10 सीएनजी स्टेशन कार्यरत हैं तथा 3 नए स्टेशन खोलने का कार्य हो रहा है। गोदौलिया पर निर्माणाधीन पार्किंग मार्च 2021 में, सर्किट हाउस के पास पार्किंग निर्माण मई 2021,टाऊनहाल पर पार्किंग सितंबर तथा बेनियाबाग पार्क में पार्किंग कार्य नवंबर 2021 तक पूर्ण हो जाएंगे। इसी तरह वाराणसी स्मार्ट सिटी में तेजी से कार्य हुए और वाराणसी देश में अग्रणी स्थान पर है। मछोदरी स्मार्ट स्कूल मार्च 2021 तक बन जाएगा। गंगा के 84 घाटों पर एकरूपता से सूचना पट्ट निर्माण हो रहा है। इससे घाटों की सुंदरता बढ़ेगी और घाटों के पौराणिकता एवं उसके धार्मिक महत्व से आने वाले देशी एवं विदेशी पर्यटक रूबरू हो सकेंगे। 720 एडवांस सर्विलांस कैमरा लगाए जा रहे वाराणसी में यातायात नियंत्रण, कानून व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के लिए पूरे शहर के चौराहों, प्रमुख स्थलों पर 720 एडवांस सर्विलांस कैमरा लगाए जा रहे हैं। दशाश्वमेध घाट के पुनर्विकास खिड़कियां घाट का पुनर्विकास कार्य हो रहा है। जो यहां की यादगार होगी। बैठक में स्पोर्ट्स स्टेडियम, शहर में विद्युतीकरण, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रगति, वरुणा नदी चैनेलाइजेशन आदि की भी विस्तार से समीक्षा हुई है। समीक्षा बैठक में ये रहे शामिल मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नीलकंठ तिवारी, राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह के अलावा अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, एडीजी, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी विजय सिंह मीणा, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, एसएसपी अमित पाठक व अन्य अफसरों की सहभागिता रही। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in