भाई की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
जौनपुर, 19 फरवरी (हि.स.)। खुटहन थाना क्षेत्र के चककुतबी गांव में गुरुवार की रात बदमाशों द्वारा युवक को गोली मार की गई हत्या मामले में पुलिस ने शुक्रवार को मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पुनः मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी शाहगंज अंकित कुमार व पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से लगभग दस मीटर दूर 32 एमएम गोली का खोखा बरामद किया है। इसी गांव निवासी सत्यप्रकाश मिश्रा को गांव के मोड़ पर अज्ञात बदमाशों ने गोली मार मौत के घाट उतार दिया था। खुटहन चककुतबी गांव में सत्यप्रकाश की हत्या पुलिस के लिए पूरी तरह से रहस्य बना हुआ है। परिवार के लोग भी घटना को लेकर कुछ भी नहीं बता पा रहे है। पुलिस गांव के मोड़ से लेकर पट्टीनरेन्द्रपुर व खुटहन तक लगे सीसी टीवी फुटेज निकाल घटना की तहकीकात आगे बढ़ा रही है। इस सम्बंध में जानकारी देते हुए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. संजय कुमार ने बताया कि मृतक के भाई सूर्य प्रकाश मिश्र द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामला पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है बहुत जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जायेगी। हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/विद्या कान्त