brainstorming-on-health-issues-of-adolescent-girls
brainstorming-on-health-issues-of-adolescent-girls

किशोर-किशोरियों की सेहत के मुद्दों पर मंथन

- शारीरिक बदलावों और कुपोषण के मुद्दों पर भी हुई चर्चा हमीरपुर, 11 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत कुरारा ब्लाक के बिलौटा गांव के राजकीय हाईस्कूल में गुरुवार को किशोर मंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एक सैकड़ा के आसपास किशोर-किशोरियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव के प्रति जागरूक किया गया। किशोरियों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई। स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों कुपोषण, स्वास्थ्य और जेंडर भेदभावपूर्ण व्यवहार पर प्रतियोगिता कराई गई। किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत ब्लाकों में किशोर मंच कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। बिलौटा गांव के स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक गौरीश राज पाल ने किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता करते हुए महत्वपूर्ण जानकरी दी। उन्होंने किशोरियों को खानपान में हरी सब्जियां, मौसमी फल और दूध को शामिल करने की सलाह दी। एनीमिया ग्रसित किशोरियों को सप्ताह में एक दिन रात में सोते समय आयरन की टेबलेट खाने की सलाह दी। आरबीएसके के डॉ.मनीष ने लड़का-लड़की में फर्क करने की सोच को गलत बताया। साथ ही कहा कि इस उम्र में होने वाले बदलावों को लेकर सचेत रहें और किसी किस्म की समस्या आने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें। कुरारा सीएचसी की स्टाफ नर्स नेहा सचान ने माहवारी प्रबंधन की जानकारी दी और सलाह दी कि माहवारी के समय तीन-तीन घंटे में पैड बदलती रहे। नेत्र परीक्षण अधिकारी रमेश गुप्ता ने आंख संबंधी रोगों के विषय में जानकारी। सीएचओ निशा कुमारी, वन स्टॉप सेंटर की आफिया, समाजसेवी संस्था की क्षिप्रा ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं से रूबरू कराया। इस मौके पर किशोर-किशोरियों की कुपोषण, स्वास्थ्य और जेंडर भेदभावपूर्ण व्यवहार पर भाषण और पोस्टर प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें सोनम ने प्रथम, गौरी ने द्वितीय और संतोषी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डॉ.रवि द्विवेदी, मनोज कटियार, शेरेंद्र राजपूत आदि ने किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। संचालन कर रहे वाईपी समर्थ फाउंडेशन, सहयोग से जुड़े देवेंद्र गांधी ने स्थान प्राप्त करने वाली किशोरियों को पुरस्कृत किया। प्रधानाचार्या कंचन ने सभी का आभार व्यक्त किया। मुख्य रूप से मयंका भारती, हरीशंकर कुटार, पिंकी, जयनारायण, जितेंद्र सिंह, विजय कुमार आदि शिक्षक, समर्थ फाउंडेशन से सीता, सुनील, अर्चना, पारुल, प्रियंका भी मौजूद रही। हिन्दुस्थान समाचार/ पंकज-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in