bjp-starts-throwing-magical-juggles-to-divert-attention-from-basic-issues-akhilesh
bjp-starts-throwing-magical-juggles-to-divert-attention-from-basic-issues-akhilesh

बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने को जादुई जुमले उछालने लगती है भाजपा : अखिलेश

लखनऊ, 17 मार्च (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि पूरे प्रदेश सहित राजधानी लखनऊ में अपराधी बेलगाम हैं, लेकिन अपने मुख्यमंत्री इधर से बेखबर पश्चिम बंगाल और असम में कानून व्यवस्था सुधारने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जादुई जुमले उछालने लगती है। हालांकि अब झूठे आंकड़ों से जनता को भ्रमित करने की चाहे, जितने तिकड़में सत्तारूढ़ दल करे, उसमें अब वह सफल होने वाली नहीं है। सभी को भाजपा के दावों में छुपे सच का पता चल गया है और वह झूठों को सन् 2022 के चुनावों में सही सबक देगी। सपा अध्यक्ष ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि महिलाओं एवं बच्चियों के साथ अपराध में राजधानी लखनऊ अव्वल नम्बर पर आ गया है। नेशनल क्राइम ब्यूरो 2019 रिकार्ड के अनुसार 3,390 मामले दर्ज हुए। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब लूट, अपहरण, हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं न होती हों। पुलिस की छाया में डकैतियां पड़ जाती हैं। गम्भीर घटनाओं तक की विवेचना में लापरवाही बरते जाने पर न्यायालयों ने कई बार अपनी सख्त टिप्पणियां की हैं और सरकार को भी फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि जहां तक महिलाओं और बच्चियों से सम्बन्धित अपराधों का सवाल है, इनका ग्राफ भाजपा राज में लगातार ऊंचाई की तरफ बढ़ता जा रहा है। महिला अपराधों को रोकने के लिए खोखले दावे करने वाली भाजपा सरकार और उसके मुख्यमंत्री पूरी तरह नाकाम हो चुके हैं। कमिश्नर प्रणाली लागू कर कानून व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा भाजपा सरकार का हास्यास्पद है। विज्ञापनों, भाषणों से लॉ एण्ड आर्डर में सुधार वैसे ही होगा जैसे ताली और थाली बजाकर कोविड-19 की महामारी से निबटा गया था। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में पुलिस का मनोबल गिरा हुआ है। अपराधी सत्ता संरक्षित होने से निडर है कि उन पर हाथ डालने वाला पुलिस कर्मी ही निलम्बित होगा। इसलिए असल अपराधी को पकड़ने के बजाय आला अफसर फर्जी एनकाउण्टरों से वाहवाही ले रहे हैं या हिरासत में मौतों को अंजाम दे रहे हैं। पीड़ितों के साथ थानों में दुर्व्यवहार होता रहता हैं। पीड़ित महिलाओं को और ज्यादा प्रताड़ित किया जाता है। हिन्दुस्थान समाचार/संजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in