bjp-president-jp-nadda-reached-banner39s-house-ate-banarasi-sweets-malayo
bjp-president-jp-nadda-reached-banner39s-house-ate-banarasi-sweets-malayo

कार्यकर्ता के घर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बनारसी मिठाई मलइयो खाई

-कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर बूथ को मजबूत बनाने पर दिया जोर वाराणसी, 01 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दो दिवसीय दौरे पर आये भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को हरतीरथ चौराहे के समीप शहर दक्षिणी के बूथ नंबर 251 पर पहुंचे। इस दौरान उत्साहित कार्यकर्ताओं ने हर-हर महादेव, जयश्रीराम नारेबाजी के बीच उन पर जमकर पुष्प वर्षा की। अध्यक्ष ने बूथ समिति के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनमें जोश भरा और अपने बूथ को मजबूत बनाने पर खासा जोर दिया। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का अपने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार के साथ लोगों के समस्याओं को जान उसके समाधान के लिए भी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि हम कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान के लिए बूथ पर और समाज में कड़ी मेहनत करनी है। यहां से जेपी नड्डा बूथ अध्यक्ष राजेश यादव के घर पहुंचे। कार्यकर्ता और उसके परिजनों से मिलने के बाद उनके संग फोटो भी खिंचवाई। नड्डा ने कार्यकर्ता के परिजनों से भी पूरे गर्मजोशी के साथ बातचीत की। राष्ट्रीय अध्यक्ष के जाने के बाद राजेश और उनके परिजन खुशी से गदगद दिखे। पत्रकारों को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ता के घर आना वैसे ही है जैसे प्रभु राम शबरी के घर आये थे। राजेश ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने उनके परिजनों ने मलइयो, इडली, डोसा, पूड़ी-कचौड़ी ,खाने के लिए परोसी थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मलइयो चाव से खाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, शहर दक्षिणी के विधायक और राज्य मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, काशी प्रांत के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय भी मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in