ballia-voters-repose-confidence-on-two-illiterates-in-district-panchayat
ballia-voters-repose-confidence-on-two-illiterates-in-district-panchayat

बलिया : जिला पंचायत में दो निरक्षरों पर मतदाताओं ने जताया भरोसा

बलिया, 05 मई (हि. स.)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में लोकतंत्र के विभिन्न रूप देखने को मिले हैं। जिले की सबसे बड़ी पंचायत में उच्च शिक्षा हासिल उम्मीदवारों को मात देकर दो निरक्षर महिला उम्मीदवार भी पहुंची है। जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में लगभग सभी वार्डों के परिणाम आ गए हैं। विजेता प्रत्याशियों की शैक्षणिक यात्रा पर नजर दौड़ाएं तो वार्ड नम्बर 11 से विजयी हुईं पानमती निरक्षर हैं। वहीं वार्ड नम्बर 42 से चुनाव जीत चुकी रंजू यादव भी निरक्षर ही हैं। जबकि सिर्फ दो नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य ने परास्नातक किया है। वार्ड नम्बर 15 से विजय व वार्ड नम्बर 43 से बिरलाल यादव ने ही परास्नातक तक की शिक्षा हासिल की है। ज्यादातर विजेता प्रत्याशियों ने हाई स्कूल व इंटर तक ही पढ़ाई की है। जिला पंचायत के वार्डों में सपा को बढ़त जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में सत्ताधारी भाजपा को कुल 58 वार्डों में से लगभग आठ सीटों पर संतोष करना पड़ा है। आठ सीटों पर विजय की बात भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी पंकज सिंह ने स्वीकार की है। हालांकि भाजपा को इस बात का संतोष होगा कि कई वार्डों में उसके बागी उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है जो जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मुफीद हो सकते हैं। वहीं सपा ने जिला पंचायत की सर्वाधिक सीटें जीत ली है। इसमें सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव की पत्नी रंजू यादव प्रमुख हैं। सपा के जिला प्रवक्ता सुशील कुमार पांडेय 'कान्हजी' ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने 49 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे। जिनमें से 12 ने जीत दर्ज की है। जबकि चार सीटों पर सपा से जुड़े लोगों ने विजय हासिल की है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के समर्थित करीब सात उम्मीदवार जीत दर्ज किए हैं। वहीं दर्जन भर सीटों पर निर्दलीयों ने बाजी मारी है। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in