ballia-supriya-of-bjp-and-anand-of-sp-filled-pamphlets-for-district-panchayat-president
ballia-supriya-of-bjp-and-anand-of-sp-filled-pamphlets-for-district-panchayat-president

बलिया : जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा की सुप्रिया व सपा के आनंद ने भरे पर्चे

बलिया, 26 जून (हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए शनिवार को भाजपा और सपा प्रत्याशियों ने जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में अपने-अपने नामांकन किए। नामांकन को लेकर कलक्ट्रेट परिसर के अंदर और बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जिला पंचायत के 58 वार्डों के सदस्य के बाद अब बारी जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की है। जिसके लिए दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा व सपा ने तमाम रस्साकशी के बाद प्रत्याशी फाइनल किए। शनिवार को भारी गहमा-गहमी के बीच नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सबसे पहले भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सुप्रिया यादव नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचीं। उन्होंने चार सेट में नामांकन भरा। उनके साथ प्रदेश सरकार के मंत्री उपेन्द्र तिवारी, मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल, सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, विधायक सुरेन्द्र सिंह, विधायक धनंजय कन्नौजिया, विधायक संजय यादव और भाजपा के जिला प्रभारी विनोद राय भी थे। वहीं, समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी आनंद चौधरी भी पूरे लाव लश्कर के साथ नामांकन करने कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। आनंद चौधरी ने भी चार सेटों में अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, पूर्व मंत्री नारद राय, जियाउद्दीन रिजवी, सनातन पाण्डेय, संग्राम सिंह यादव, जयप्रकाश अंचल व जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव थे। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in