australian-high-commissioner-barry-o39farrell-expressed-willingness-to-invest-in-up
australian-high-commissioner-barry-o39farrell-expressed-willingness-to-invest-in-up

ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त बैरी ओ फैरेल ने उप्र में निवेश की जताई इच्छा

-उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य की उच्चायुक्त से निवेश को लेकर हुई विस्तृत वार्ता लखनऊ, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा बुधवार को आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ फैरेल व उनकी टीम के साथ देश व प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने हेतु गहन विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त ने भारत व उप्र में निवेश की इच्छा जताई। उप्र लोक निर्माण विभाग मुख्यालय स्थित तथागत सभागार में आयोजित इस बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया का गहरा संबंध रहा है। वैश्विक चुनौतियों के दौरान भारत, ऑस्ट्रेलिया के साथ व ऑस्ट्रेलिया भारत के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में सबसे अधिक जनसंख्या वाला उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक दृष्टि से भी समृद्ध है। भारत का आस्ट्रेलिया से आयात व निर्यात भी होता है। भारत अपार संभावनाओं वाला देश है। उन्होंने आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त के देश व प्रदेश में निवेश की रुचि व भावना की सराहना की और यहां की संभावनाओं, पर्यावरण व अवसंरचनाओं व सुरक्षा आदि के बारे में भी प्रकाश डाला। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में कृषि, शिक्षा, रोड, फूड प्रोसेसिंग आदि क्षेत्रों में निवेश किया जा सकता है। हम भरपूर साधन उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि अगली बार ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ आयें, उप्र सरकार उन्हें प्रपोजल देगी। डिफेंस कॉरिडोर में भी निवेश की संभावनाएं हैं। बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पिछले समय में हुए विभिन्न एमओयू के बारे में भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उप्र में स्किल्ड मैन पावर पर्याप्त है। रोजगार की यहां आवश्यकता है। जिन क्षेत्रों में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से रुचि रखेंगे, उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां मेगा फूड पार्क की भी जरूरत है। हमारा उद्देश्य किसानों की आमदनी बढ़ाना व नौजवानो को रोजगार दिलाना है। सड़कों का जाल बिछे, 24 घंटे पावर सप्लाई मिले, यह हमारी प्राथमिकताएं हैं। उप मुख्यमंत्री ने उच्चायुक्त की कई जिज्ञासाओं को भी शांत किया। उन्होंने अंत्योदय की भावना का उद्गम कहां से हुआ, इसके बारे में भी उच्चायुक्त को बताया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेई द्वारा दिए गए मंत्रों के बारे में भी ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त को जानकारी दी। श्री मौर्य ने कहा हमारे यहां पूजा में भी ‘विश्व का कल्याण हो’ और ‘प्राणियों में सद्भावना हो’ जैसे ध्येय वाक्यों का प्रयोग होता है। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने कहा कि आस्ट्रेलिया में बड़ी मात्रा में प्रवासी भारतीय हैं। वहां उनकी क्षमता का बहुत अच्छा उपयोग हो रहा है। कोविड काल में भी प्रवासी भारतीयों के सहयोग की उन्होंने सराहना की। माइंस, फूड व कृषि के क्षेत्र में उन्होंने निवेश की इच्छा जताई। कहा कि वहां की पेंशन राशि का उपयोग करना चाहते हैं। पूर्व में उप मुख्यमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त व उनकी टीम को साल व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने भी उप मुख्यमंत्री को उपहार भेंट किए। बैठक में अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, मनोज कुमार सिंह, जिलाधिकारी कौशांबी, उद्यान निदेशक आरके तोमर, उप निदेशक, उद्यान विजय बहादुर सिंह, विशेष कार्याधिकारी विनीत वर्मा, प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ पीएन द्विवेदी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in