auraiya-greeted-and-handed-over-demand-letter-to-dm
auraiya-greeted-and-handed-over-demand-letter-to-dm

औरैया : अभिनंदन कर डीएम को मांग पत्र सौंपा

औरैया, 21 जनवरी (हि.स.)। एक विचित्र पहल सेवा समिति, औरैया के प्रतिनिधिमंडल मंडल दुवारा गुरुवार को ककोर मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर सुनील कुमार वर्मा जिलाधिकारी, औरैया को गुलदस्ता भेंटकर अभिनंदन किया गया। उसके उपरांत विचित्र पहल सेवा समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट के नेतृत्व में यमुना तट, औरैया से संबंधित जन समस्याओं के निराकरण हेतु पांच सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी महोदय को सौंपा गया। समिति के संस्थापक ने पांच सूत्रीय मांग पत्र के अंतर्गत बताया कि स्वच्छता अभियान के अंतर्गत यमुना नदी में अनवरत गिर रहे शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के गंदे नालों को रोका जाना बेहद जरूरी है। यमुना का पानी दिन-व-दिन प्रदूषित होता जा रहा है, जो आज आचमन करने योग्य भी नहीं है। इसलिए नालों का रोका जाना अति आवश्यक है, ताकि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र यमुना का वास्तविक स्वरूप धार्मिक रूप से सुरक्षित रह सके। यमुना पुल के दोनों ओर आठ-आठ फीट ऊंची जाली लगना अति आवश्यक है। जो लोग पुल के ऊपर से लावारिस शवों, मृत पशुओं, मिट्टी की मूर्तियां व तमाम अपशिष्ट यमुना नदी में फेंक कर उसके पानी को लगातार प्रदूषित कर रहे हैं, उस पर रोक लगेगी। इसके साथ आए दिन गृह कलह से तंग लोगों व छोटी मोटी बातों पर रूठकर गुस्से के कारण यमुना में छलांग लगाने की घटनाओं पर विराम लग सकेगा। अपनी धार्मिक आस्था के चलते तमाम पर्वों पर लोग यमुना तट पर स्थित विश्रांत पर स्नान करने आते हैं। दुर्घटनाओं की आशंका के चलते प्राचीन विश्रांत का जीर्णोद्धार होना अति आवश्यक है। यमुना तट के सौंदर्यीकरण हेतु पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड के साथ विभिन्न प्रकार के पौधों का पौधारोपण किया जाएगा तथा यमुना तट पर स्थित राम झरोखा के आस-पास पांच डस्टबिन लगाने का प्रावधान है। जिससे शव यात्रा में यमुना तट पर गए हुए लोग वहां गंदगी न फैला सकें। आजादी के बीते 70 सालों के बाद भी यमुना तट पर स्थित अंत्येष्टि स्थल गड्ढा मुक्त नहीं हो पाया, उसके समतलीकरण हेतु समिति के सदस्यों द्वारा जिलाधिकारी महोदय से गुहार लगाई गई, जिस पर उन्होंने यथासंभव उपरोक्त समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। समिति के सदस्यों द्वारा विगत 5 वर्षों से अनवरत चलाए जा रहे अंत्येष्टि स्थलों के सफाई अभियान के अंतर्गत आगामी 24 जनवरी रविवार को प्रातः 9 बजे यमुना तट पर संपन्न होने वाले 114वें यमुना तट की सफाई अभियान में जिलाधिकारी महोदय को आमंत्रित किया गया है। सफाई अभियान में सम्मिलित होने हेतु उन्होंने सहर्ष स्वीकृति प्रदान की है। ज्ञापन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सभासद पंकज मिश्रा, आनन्द गुप्ता (डाबर), सभासद छैया त्रिपाठी, मनीष पुरवार (हीरू), कपिल गुप्ता, रानू पोरवाल आदि सदस्य मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार / सुनील-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in