angry-over-the-betrayal-of-party-officials-in-the-by-election-the-sp-city-president-resigned
angry-over-the-betrayal-of-party-officials-in-the-by-election-the-sp-city-president-resigned

उपचुनाव में पार्टी पदाधिकारियों की गद्दारी से क्षुब्ध सपा नगर अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

झांसी, 07 मई(हि.स.)। बीते रोज जनपद की चर्चित नगर पंचायत रानीपुर के उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार बाहुबली लेखराज सिंह यादव की पत्नी राममूर्ति ने बड़े अन्तर से विजय हासिल की। इस पूरे चुनाव में सपा तीसरे स्थान पर रही। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष रामकिशोर कुशवाहा ने इस हार का ढीकरा पार्टी पदाधिकारियों के सिर फोड़ा है। उन्होंने उपचुनाव में उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को इस्तीफा भी दे दिया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश कश्यप को भेजे अपने त्याग पत्र में उन्होंने लिखा कि कुछ पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। उन्होंने नगर पंचायत उपचुनाव में पार्टी के लिए काम न करते हुए किसी दूसरे के पक्ष में प्रचार किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के एक निष्ठावान सिपाही की तरह पूरी निष्ठा और लगन से कार्य किया। लेकिन उन लोगों ने इसका निर्वहन नहीं किया। इन लोगों के कारण वह समाजवादी पार्टी छोड़ रहे हैं। उनके इस्तीफे के बाद से सपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में हलचल मची है। चारों ओर चर्चाओं का बाजार गर्म है कि आखिर वे कौन लोग थे जिन्होंने सपा सुप्रीमो को धता बताकर स्थानीय स्तर सपा को धोखा दे डाला। जिसके चलते एक निष्ठावान सिपाही को बर्दाश्त नहीं हुआ और उन्होंने इस्तीफा दे दिया। हालांकि इस मामले में जब पार्टी जिलाध्यक्ष महेश कश्यप से बात करनी चाही तो कई बार प्रयास करने के बाद भी उनका मोबाइल स्विच आॅफ बताता रहा। हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in