anganwadi-workers-opened-front-against-government-warning-of-movement
anganwadi-workers-opened-front-against-government-warning-of-movement

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा, आंदोलन की चेतावनी

मेरठ, 25 फरवरी (हि. स.)। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष सायमा जमीर के नेतृत्व गुरुवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मवाना तहसील में जमकर हंगामा किया। सायमा ने बताया कि वर्ष 2018 में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लखनऊ में आंदोलन के बाद 21 फरवरी 2019 को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 1500 रुपए की बढ़ोतरी की थी। इसके बावजूद आज तक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बढ़ा हुआ मानदेय नहीं मिला है। प्रदेश सरकार ने पोषाहार को बंद करके ड्राई राशन योजना का जबरदस्त प्रचार किया है। जिसके अंतर्गत बच्चों को दूध, घी, गेहूं और चने जैसी चीजें देने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन यह चीजें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तक नहीं पहुंच रहीं। इस योजना के प्रचार के चलते ग्रामीणों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से इन चीजों की मांग कर रहे हैं। यह वस्तुएं ना देने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 'चोर' बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि कोरोना से लेकर पल्स पोलियो अभियान और जनगणना तक में फ्रंट लाइन पर खड़ी रहने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ प्रदेश सरकार ऐसा उपेक्षा पूर्ण व्यवहार क्यों कर रही है? इसी के साथ चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही उनके मानदेय की रकम विद एरियर उन्हें नहीं दी तो प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकत्री लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में बड़ा आंदोलन करेंगी। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in