amarjeet-bjp-leader-from-mumbai-said-yogi-gave-global-recognition-to-the-development-of-up-akhilesh-only-defamed
amarjeet-bjp-leader-from-mumbai-said-yogi-gave-global-recognition-to-the-development-of-up-akhilesh-only-defamed

मुंबई के भाजपा नेता अमरजीत बोले, योगी ने उप्र के विकास को दी वैश्विक पहचान, अखिलेश ने सिर्फ बदनामी

प्रयागराज, 17 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यमंत्री व मुंबई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने गुरुवार को यहां कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में विकास की नयी इबारत लिखी है और स्वच्छ व सुरक्षित प्रदेश के रुप में उप्र को वैश्विक पहचान दी है। इससे यूपी में बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश आया है। उन्होंने कहा कि वहीं पूर्ववर्ती अखिलेश यादव के राज में प्रदेश के अंदर माफिया और मनचले मनबढ़ हो गए थे। आज प्रयागराज पहुंचे महाराष्ट्र के पूर्व राज्यमंत्री अमरजीत मिश्र ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कोविड संक्रमण काल में पूरी दुनिया परेशान है। वहीं उन्होंने कोविड काल में योगी सरकार के कामकाज की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद की केंद्र सरकारों ने स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में उप्र के साथ सौतेला व्यवहार किया था, लेकिन मोदी सरकार ने तो एम्स के साथ ही हेल्थ सेक्टर में यूपी को तवज्जो देना शुरु कर दिया। ऐसे मे सीमित संसाधनों के साथ मुख्यमंत्री योगी ने महामारी पर नियंत्रण कर चमत्कार ही किया। प्रयागराज आये श्री मिश्र ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की भी प्रशंसा की और कहा कि केशव मौर्य की कर्मठता ने उप्र की मार्गों को विदेश की सड़कों जैसा खूबसूरत बना दिया। मुंबई में उत्तर भारतीय समाज के नेता श्री मिश्र ने कहा कि जब हिंदुस्तान में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मशहूर मुंबई और महाराष्ट्र इस कोरोना महामारी के नियंत्रण में असफल दिखा। उस समय उप्र के लोग भाग्यवान हैं कि पूरे संक्रमण काल में यहां के मुख्यमंत्री योगी मुस्तैद व सक्रिय दिखे। हर जिले में दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे। वहीं महाराष्ट्र के सीएम अपने घर से बैठकर फेसबुक लाइव कर रहे थे। मुंबई फिल्म सिटी के उपाध्यक्ष रहे अमरजीत मिश्र ने कहा कि यूपी की मौजूदा सरकार की वजह से देश और दुनिया में रहने वाले अप्रवासी यूपी वालों का आज रुतबा बढा है। दूसरे प्रदेश के लोग पहले यूपी वालों को हेय दृष्टि से देखते थे, लेकिन अब आदर देने लगे हैं। श्री मिश्र ने सपा अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हालिया बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव अक्ल लेस, माईंडलेस और सेंसलेस हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अक्लियत (अल्पसंख्यकों) की तरफदारी करने वाले सपा अध्यक्ष अब हिंदुओं की आस्था पर फिर प्रहार कर रहे हैं। उन्हांेने कहा कि रामद्रोही रामभक्त बनने की फिराक में ऊल-जलूल बक रहे हैं। वे न तो भगवान राम में ट्रस्ट करते हैं और न ही श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट में। सिर्फ भ्रम फैला कर फूट डालना चाहते हैं। श्री मिश्र ने कहा कि हिंदू समाज इतिहास से सबक लेकर अब एकजुट हो गया है। भाजपा नेता ने दावा किया कि उप्र में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा का बोरिया बिस्तर बंध जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार/ पीएन द्विवेदी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in