akhilesh-yadav-attended-the-sankat-mochan-court-took-blessings-from-the-mahant
akhilesh-yadav-attended-the-sankat-mochan-court-took-blessings-from-the-mahant

अखिलेश यादव ने संकट मोचन दरबार में लगाई हाजिरी, महंत से लिया आशीर्वाद

वाराणसी, 25 फरवरी (हि.स.)। तीन दिवसीय पूर्वांचल दौरे पर निकले समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरूवार की शाम श्री संकटमोचन दरबार में पहुंचे। जौनपुर से शहर में आये पूर्व मुख्यमंत्री ने श्री संकट मोचन मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद मंदिर के महंत प्रो.विश्वम्भर नाथ मिश्र से मिले, उनका आशीर्वाद लिया और बातचीत भी की। महंत प्रो. मिश्र ने चलते समय पूर्व मुख्यमंत्री को प्रसाद के साथ स्मृति चिंह भी दिया और बाहर तक उन्हें छोड़ने आये। इस दौरान मंदिर के बाहर पार्टी के कार्यकर्ता स्वागत के लिए बेकरार दिखे। उत्साहित कार्यकर्ता गगनभेदी नारेबाजी कर पार्टी अध्यक्ष से मिलने के लिए धक्कामुक्की भी करते रहे। सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री को वाहन बैठाया। पार्टी अध्यक्ष कार्यकर्ताओं का उत्साह देख उनका अभिवादन भी स्वीकार करते रहे। दर्शन पूजन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नदेसर स्थित एक तारांकित होटल में रात्रि विश्राम के लिए चले गये। इसके पहले पूर्व मुख्यमंत्री दोपहर में बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंंचे। यहां कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कुछ देर मीडिया से बातचीत के बाद जौनपुर जनपद के लिए रवाना हो गये। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in