activists-angry-over-arrest-of-hiuwa-leader-clash-with-police
activists-angry-over-arrest-of-hiuwa-leader-clash-with-police

हियुवा नेता की गिरफ्तारी पर भड़के कार्यकर्ता, पुलिस से झड़प

देवरिया, 27 फरवरी (हि.स.)। जिले के रामपुर कारखाना थाना परिसर में शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। हिंदू युवा वाहिनी (हियुवा) के दर्जनों कार्यकर्ता और पुलिस के बीच भिड़ंत हुई। नोक-झोंक और हंगामा के दौरान पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। तब कहीं जाकर स्थिति नियंत्रण में आई। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी होती रही। दरअसल, हियुवा नगर संयोजक को गिरफ्तार करने पर हियुवा कार्यकर्ता आक्रोशित थे। पुलिस ने इन्हें एक जमीन विवाद मामले में थाने में बैठा रखा था। मामला शुक्रवार से ही गरमाया हुआ था। बता दें नगर पंचायत रामपुर कारखाना के सोनार टोली वार्ड में विवादित जमीन से पुलिस ने कोर्ट के आदेश का हवाला देकर शुक्रवार को एक पक्ष का कब्जा हटवा कर दूसरे का ताला बंद करा दिया था। मामले में पुलिस ने तनाव के बाद दोनों पक्षों और हिंदू युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष राजू यादव समेत आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को थाने पर बिठा लिया था। हालांकि, पुलिस ने बाद में निजी मुचलके पर दोनों पक्षों और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि देर रात विवादित भूमि के पास दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। कब्जा हटाने और दोबारा कब्जा करने के प्रयास में दोनों पक्षों ने मारपीट हुई। शनिवार को हिंदू युवा वाहिनी के नगर संयोजक सतीश वर्मा ने पुलिस से कब्जा हटाने का कागजात दिखाने को कहा। लेकिन पुलिस ने कागजात दिखाने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवादित भूमि के पास ही पुलिस और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में नोकझोंक होने लगी। आरोप है कि भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष गोपाल प्रसाद राजभर हियुवा के नगर संयोजक सतीश वर्मा को अभद्र तरीके से थाना ले आए। उनके हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलते ही महामंत्री सुरेंद्र चौरसिया, जीतेश पांडेय समेत दर्जनों कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। सतीश वर्मा को छोड़े जाने की मांग पर कार्यकर्ताओं और पुलिस में नोक-झोंक के बाद झड़प हो गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ थाने में भी जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान मौके पर एडिशनल एसपी डॉ रामयश सिंह पहुंच गए। उन्होंने सभी को समझा कर मामले को शांत कराया, लेकिन उनके जाते ही दुबारा हियुवा कार्यकर्ताओं और पुलिस में नोक-झोंक होने लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने लाठी भांज कर कार्यकर्ताओं को थाने से बाहर खदेड़ा। हिन्दुस्थान समाचार/आमोद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in