आगरा, 24 मार्च (हि.स.)। शहर में लिंग परीक्षण करने के मामले में एक अस्पताल के पकड़े जाने के बाद आम आदमी पार्टी में आक्रोश है। लिंग परीक्षण व भ्रूण हत्या के खिलाफ बुधवार दोपहर को कलेक्ट्रेट परिसर में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एसीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। शहर में लिंग परीक्षण में पकड़े गए व अन्य भ्रूण हत्या करने वाले अस्पतालों की एक सप्ताह के अंदर जांच कर, उन पर 'रासुका' के तहत कार्रवाई करने की मांग की। कार्यवाही न करने पर कलेक्ट्री परिसर में भूख हड़ताल कर आमरण अनशन करने की चेतावनी दी। आप जिलाध्यक्ष बनैसिंह पहलवान ने कहा कि एक तरफ तो सरकार 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा जोर शोर से दे रही है। दूसरी ओर कुछ भाजपा नेताओं और स्वास्थ्य विभाग की सांठगांठ के चलते शहर में लिंग परीक्षण व कन्या भ्रूण हत्या जैसा घिनौना कार्य चल रहा है। अभी चार दिन पहले शहर के प्रिया हॉस्पिटल को पुलिस ने पकड़ा था, जिसमें लिंग परीक्षण व भ्रूण हत्या का कार्य चल रहा था। इसी प्रिया हॉस्पिटल को 2016 में सील कर दिया गया था। लेकिन, भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही कुछ नेताओं की शह से इसे पुनः खोल दिया गया, जिसके परिणाम आप सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि हमने राज्यपाल के नाम पत्र लिखकर यह मांग की है कि जल्द से जल्द शहर के ऐसे अस्पतालों की जांच की जाए, दो ऐसे घिनौने कृत्य को अंजाम दे रहे हैं और उनके खिलाफ 'रासुका' के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए। अगर सप्ताह भर में ऐसा नहीं होता है, तो आम आदमी पार्टी कलेक्ट्रेट परिसर में भूख हड़ताल कर आमरण अनशन के लिए बाध्य होगी। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीकांत/संजय