a-dip-of-virtue-in-various-cities-of-uttar-pradesh-including-prayagraj-on-mauni-amavasya
a-dip-of-virtue-in-various-cities-of-uttar-pradesh-including-prayagraj-on-mauni-amavasya

मौनी अमावस्या पर प्रयागराज समेत उप्र के विभिन्न नगरों में लगी पुण्य की डुबकी

-तीर्थराज में संगम की रेती पर उमड़ा आस्था का सैलाब -कल्पवासियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से हुई पुष्प वर्षा लखनऊ, 11 फरवरी (हि.स.)। मौनी अमावस्या के अवसर पर गुरुवार को प्रयागराज समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न नगरों में श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में पूण्य की डुबकी लगाई। तीर्थराज प्रयाग में संगम की रेती पर चल रहे माघ मेले में तो आज आधी रात के बाद ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। वहां स्नान कर रहे कल्पवासियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा भी हुई। रात 12 बजे के बाद अमावस्या तिथि लगते ही तीर्थराज प्रयाग में पावन त्रिवेणी में पुण्य की डुबकियां लगने लगीं। सुबह पौ फटने के बाद तीन घंटे पुण्यकाल में स्नान के लिए लोग संगम समेत तमाम घाटों पर जुटे। समाचार लिखे जाने तक लाखों श्रद्धालु संगम समेत विभिन्न घाटों पर पुण्य की डुबकी लगा चुके थे। शंकराचार्य स्वामी स्वरुपानंद सरस्वती, शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, शकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ, शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि, महामंत्री महंत हरि गिरि समेत तमाम संतों ने भी आज पवित्र संगम में स्नान किया। मौनी अमावस्या के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा प्रयागराज माघ मेले में हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा भी कराई गई। मौनी आमवस्या पर प्रयागराज के साथ ही वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, गोरखपुर, कानपुर, हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर तथा फर्रूखाबाद में लोगों ने पवित्र नदियों में स्नान किया। कोरोना महामारी का भय भी श्रद्धालुओं की आस्था के सामने आज उप्र के धार्मिक नगरों में बौनी दिखी। वाराणसी में मौनी अमावस्या पर दशाश्वमेध सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। राम नगरी अयोध्या में अपराह्न ढ़ाई बजे तक सरयू नदी के तट पर लोग पुण्य की डुबकी लगाते रहे। श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में भी मौनी अमावस्या को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। देश भर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्म नगरी पहुंच कर पतित पावनी मंदाकिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। हिन्दुस्थान समचार के संवाददाताओं से मिली जानकारी के अनुसार मौनी अमावस्या के मौके पर पूर्वांचल की पवित्र नदियों के तट पर भी आज भोर से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कुशीनगर की पवित्र नदी चाहे नारायणी हो या छोटी गंडक नदी, हिरण्यवती हो अथवा बांसी नदी हर जगह नहान करने आये लोगों ने श्रद्धा की डुबकी लगाई। उधर, कानपुर में गंगा नदी में और हमीरपुर में यमुना और बेतवा नदी के संगम पर मौनी अमावस्या पर स्नान करने वालों का तांता लगा रहा। प्रयागराज में स्नान का सिलसिला अभी जारी है, जो देर शाम तक चलता रहेगा। समाचार लिखे जाने तक कहीं से किसी अप्रिय घटना का सूचना नही है। प्रदेश भर में मौनी अमावस्या के स्नान पर्व को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नदियों के स्नान घाटों पर जल पुलिस तैनात हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह ही ट्वीट कर लोक आस्था के महापर्व मौनी अमावस्या की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा तथा समाजवादी पार्टी ने भी ट्वीट करके पवित्र संगम में देवताओं के निवास के शुभ दिन माघ मास की ‘मौनी अमावस्या’ पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। हिन्दुस्थान समाचार/ पीएन द्विवेदी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in