2022 में फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगी भाजपा : सत्यवीर त्यागी
2022 में फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगी भाजपा : सत्यवीर त्यागी

2022 में फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगी भाजपा : सत्यवीर त्यागी

मेरठ, 11 सितम्बर (हि.स.)। 1857 की क्रांतिधरा मेरठ हमेशा से ही भाजपा के लिए मुफीद रही है। 2017 के विधानसभा चुनावों में में मेरठ जनपद की सात में से छह सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा के सभी विधायक मेरठ को विकास के पंख लगाने का दावा कर रहे हैं। मेरठ की किठौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी कहते हैं कि विकास कार्यों के दम पर भाजपा को 2022 के चुनावों में फिर से प्रचंड बहुमत प्राप्त होगा। योगी आदित्यनाथ सरकार के साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर हिन्दुस्थान समाचार ने विधायकों से ’साढ़े तीन सवाल’ पूछने की मुहिम चलाई है। इसी मुहिम के अंतर्गत हिन्दुस्थान समाचार के मेरठ संवाददाता कुलदीप त्यागी ने किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी से बातचीत की। साढ़े तीन साल में किठौर क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के सवाल पर विधायक सत्यवीर त्यागी ने बताया कि उनके क्षेत्र का कोई ऐसा गांव नहीं है, जहां पर सड़कों को गड्ढामुक्त ना कराया गया। दर्जनों गांवों के लिए काल साबित हो रही काली नदी पूर्वी को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग शासन स्तर पर उठाई। जिस पर अमल शुरू हो गया है। शाहजहांपुर में पशु चिकित्सालय के जीर्णोद्धार के लिए 42 लाख रुपए मंजूर कराया। किठौर में अस्पताल खुलवाया। खरखौदा में आयुष अस्पताल बनवाया। कोरोना काल में जनता के साथ खड़े रहे। प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक भिजवाया और मेरठ के मजदूरों को दूसरे राज्यों से बुलवाने में भूमिका निभाई। 80 लाख रुपए की लागत से गांवड़ी में नगर निगम द्वारा साॅलिड वेस्ट प्लांट लगवाया गया। दो करोड़ की लागत से कृषि विभाग की बीज परीक्षण प्रयोगशाला बनवाई। 15 नवीन हाईस्कूल भवनों का निर्माण, सार्वजनिक शोचालयों का निर्माण आदि निर्माण कार्य कराए गए। डेढ़ साल बाद होने वाले विधानसभा चुनावों में मुद्दों के सवाल पर विधायक बोले कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार के विकास कार्यों की उपलब्धि को लेकर जनता के बीच जाएंगे। 2022 में प्रदेश में फिर से भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनेगी। किठौर विधानसभा क्षेत्र में माछरा को नई तहसील बनाने की मांग विधानसभा में उठा चुके हैं। मुख्यमंत्री से मिलकर भी माछरा को नई तहसील बनाने की मांग करेंगे। खरखौदा में 100 बेड का अस्पताल बनवाएंगे। खरखौदा से नंगलामल होते हुए किठौर तक सड़क का निर्माण करवाएंगे। भाजपा सरकार और दूसरी पार्टियों की सरकारों के बीच अंतर पर सत्यवीर त्यागी ने कहा कि योगी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। जबकि दूसरी सरकारों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप थे। योगी सरकार ने अपने सभी चुनावी वायदे पूरे किए हैं। हिन्दुत्व को लेकर योगी सरकार लगातार कार्य कर रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति दूसरी सरकारों के मुकाबले योगी सरकार में बहुत अच्छी है। अपराधियों को बिल्कुल नहीं बख्शा जा रहा है। योगी सरकार में अवैध पशु कटान पर रोक लगी है। गोतस्करों को जेल भेजा जा रहा है। श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य के सवाल पर विधायक बोले कि विपक्षी नेता बार-बार श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर सवाल उठाते थे, लेकिन अब श्रीराम मंदिर निर्माण शुरू होने से उनकी बोलती बंद हो गई है। इससे साबित हो गया है कि भाजपा जो वायदा करती है, उसे पूरा करती है। भाजपा की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। श्रीराम मंदिर निर्माण शुरू होने से भाजपा उत्तर प्रदेश में फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। यह लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। भगवान श्रीराम जननायक है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in