131-new-coronary-infection-patients-found-number-of-active-cases-reduced-to-2182
131-new-coronary-infection-patients-found-number-of-active-cases-reduced-to-2182

उप्र : कोरोना संक्रमण के 131 नये मरीज मिले, सक्रिय मामलों की संख्या घटकर हुई 2,182

लखनऊ, 25 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 131 नये मामले सामने आये हैं। इसी दौरान 135 मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए। नये मरीजों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या लगातार अधिक बनी हुई है। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि राज्य में अब सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2,182 हो गई है। उन्होंने बताया कि कुल एक्टिव मामलों में से 630 लोग होम आइसोलेशन में हैं। वहीं 170 मरीज निजी चिकित्सालयों और शेष लोग एल-2 तथा एल-3 के सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं। प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,40,882 सैम्पल की जांच की गयी। वहीं अब तक कुल 3,09,30,489 सैम्पल की जांच की गयी है। उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा कोरोना टेस्टिंग करने वाला प्रदेश है। अब तक कुल 5,92,327 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से चौबीस घंटे में 5,465 लोग तथा अब तक कुल 5,55,085 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,85,576 क्षेत्रों में 5,11,796 टीम दिवस के माध्यम से 3,14,77,879 घरों के 15,28,52,752 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि 'मेरा कोविड केन्द्र' ऐप के माध्यम से 05 किलोमीटर के दायरे में स्थित कोविड-19 जांच केन्द्र की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कुछ राज्यों में संक्रमण के मामले फिर से बढ़ रहे हैं, इसलिए अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोई समस्या होने पर कोविड हेल्पलाइन नम्बर 18001805145 पर सम्पर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आज स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की द्वितीय डोज दी जा रही है। इसके अतिरिक्त छूटे हुए स्वास्थ्य कर्मियों एवं फ्रंट लाइन कर्मियों को आखिरी अवसर प्रदान करते हुए वैक्सीन की प्रथम डोज भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जो कर्मी टीकाकरण से छूट गये हैं, वे पास के टीकाकरण केन्द्र में सम्पर्क कर सकते हैं। केन्द्र में पंजीकरण संख्या से जानकारी मिल जायेगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों एवं फ्रंट लाइन कर्मियों के बाद अगले चरण में 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों को वैक्सीन लगाने का कार्य किया जायेगा। वहीं 45 से 60 वर्ष के जिन लोगों को-माॅबिडिटी है उनका भी टीकाकरण शीघ्र किया जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार/संजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in