लॉक डाउन: दूसरे दिन भी बाजारों में पसरा सन्नाटा, गली मोहल्लें सूने
लॉक डाउन: दूसरे दिन भी बाजारों में पसरा सन्नाटा, गली मोहल्लें सूने

लॉक डाउन: दूसरे दिन भी बाजारों में पसरा सन्नाटा, गली मोहल्लें सूने

जोधपुर, 27 सितम्बर (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा शहर में लगाए गए लॉकडाउन का असर रविवार को दूसरे दिन भी दिखाई दिया। रविवार का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण लोग अपने घरों में ही रहे। शहर की अधिकांश सडक़ें सूनी दिखाई दी। यह लॉकडाउन सोमवार सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए दो दिन का लॉकडाउन शुक्रवार रात दस बजे से ही शुरू हो गया था जो सोमवार सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा। इस लॉकडाउन में सिर्फ दूध और दवा की दुकानें ही खुली है। इधर शहर में आज रविवार का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण लोग अपने घरों में ही रहे। आवश्यक काम पर जाने वाले लोग ही घरों से बाहर निकले। बाजार दुकानें रही बंद: समूचे बाजार व दुकानें भी पूर्ण रूप से बंद रहे। लोगों ने घरों में रहकर लॉकडाउन का समर्थन किया। लोगों के नहीं निकलने से शहर की प्रमुख सडक़ों व गलियों में भी ट्रैफिक का दबाव नजर नहीं आया। मुख्य सडक़ों व चौराहों पर पुलिस भी मुस्तैद रही। हालांकि पुलिस को लॉकडाउन का पालन कराने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। दूध, दवा और जरूरी काम के अलावा कम लोग ही सडक़ों पर नजर आए। कुछ लोग घरों से निकले तो पुलिस ने रोका और पूछताछ की। ढाई माह के लॉकडाउन अनुभव और जानकारी होने के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले। यात्रियों को नहीं मिल पाई ट्रांसपोर्ट सुविधाएं: रेल और बसों से जोधपुर आने वाले यात्रियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं मिलने से परेशानी हुई। शहर में सिटी बसों के संचालन बंद रहने के कारण यात्रियों को पैदल-पैदल अपने सामान का बोझ उठाते हुए गंतव्य की ओर जाना पड़ा। कई ऑटोरिक्शा चालकों ने तो ऐसे यात्रियों की परेशानी का लाभ उठाते हुए मुंहमांगे दाम भी वसूले। कुछ स्थानीय लोग बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन से परिजनों के लिए गाड़ी लेकर पहुंचे थे। डीसीपी पूर्व धर्मेंद्रसिंह यादव व डीसीपी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि लॉकडाउन पालना के लिए पुलिस नाके बना अधिकारी व जवान तैनात किए। यादव ने नाकों पर रूककर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही वहां से आने-जाने वाले वाहन चालकों व राहगीरों से घरों में रहने के लिए समझाइश भी की। बगैर आवश्यक सेवाओं के सडक़ों पर निकलने वाले वाहन चालकों के चालान बनाए गए। जरूरी सामान खरीदने निकले लोगबाग: लॉकडाउन के कारण सुबह-सुबह लोग दूध व डेयरी से सामान खरीदने के लिए घरों से निकले। इसके चलते एकबारगी सडक़ों पर चहल-पहल नजर आई, लेकिन इसके बाद सडक़ें सूनीं होने लगी। पाल रोड, दल्ले खां की चक्की चौराहे से 12वीं रोड चौराहा, 5वीं रोड से लेकर जालोरी गेट और रेलवे स्टेशन तक सन्नाटा पसर गया। रेजीडेंसी रोड, सरदारपुरा बी व सी रोड, जलजोग चौराहा, भैरूजी चौराहा, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, सोजती गेट, नई सडक़, घंटाघर, मण्डोर रोड भी सूनीं रहीं। अधिकांश लोग घरों में ही सिमटे रहे। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in