प्रधानमंत्री देश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं- डॉ. पूनियां
प्रधानमंत्री देश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं- डॉ. पूनियां

प्रधानमंत्री देश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं- डॉ. पूनियां

जयपुर, 25 सितम्बर (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कांग्रेस एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर पलटवार करते हुये कहा कि, बड़े आश्चर्य की बात है कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार से जवाब मांग रही है, प्रधानमंत्री देश के किसानों को स्पष्ट एवं आश्वस्त कर चुके हैं कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल की खरीद जारी रहेगी। डॉ. पूनियां ने कहा कि संविदा खेती किसान की जमीन पर होगी, किसान की जमीन से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी, फसल आधारित कांट्रैक्ट होगा, जमीन पर मालिकाना हक सदैव किसान का ही रहेगा। उन्होंने कहा कि, 55 वर्षों तक शासन करने के बाद कांग्रेस को किसानों की अब सुध आई है, कांग्रेस से किसने मना किया था कि वो किसानों का कल्याण ना करे, सत्ता में रहते हुये कांग्रेस ने किसान कल्याण के लिये कार्य क्यों नहीं किये, मोदी सरकार किसान की उन्नति एवं कल्याण के लिये विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। उन्होंने कांग्रेस ने अटल जी द्वारा शुरु की गई किसान क्रेडिट कार्ड योजना का अभिनंदन नहीं किया, जो उनको करना चाहिए था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं खुशहाल बनाने के लिए सॉइल हेल्थ कार्ड, पीएम सम्मान किसान निधि, फसल बीमा योजना, एक लाख करोड़ के निवेश इत्यादि योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रहे हैं, जिससे किसानों का जीवन बदला जायेगा, और अब देश का किसान अपनी मर्जी से, कहीं भी कभी बेच सकेगा, यानि एक तरह से किसान पूरी तरह से आजाद हुआ। मंडियों के बारे में भ्रम फैलाया जा रहा है कि, मंडियां पहले की तरह चलती रहेंगी, व्यापारी पहले की तरह अपना व्यापार करते रहेंगे, मंडिया खत्म नहीं होंगी। पूनियां ने कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह कर भ्रम फैलाकर अपना चेहरा छुपाना चाह रही है, कृषि विधेयकों से राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों से, खेती एवं खेती से जुड़े उद्योग धंधों से किसानों, नौजवानों एवं महिलाओं को रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि, एक वंश के पीछे कांग्रेस पार्टी चली, जो विग्रह खड़ा हुआ, जिसकी आशंका के कारण आज कांग्रेस पार्टी केवल साढ़े तीन प्रदेशों में सिमट गई, विचार एवं व्यवहार से नकार दी गई, ऐसी कांग्रेस के भीतर एक बड़ी भगदड़ है, बड़ी आशंका है, बड़ा डर है पार्टी के टूटने का, उसको छुपाने के लिये अराजकता फैलाने का पूरा एक प्लान तैयार किया है। पूनियां ने कहा कि भारत का किसान, मजदूर, नौजवान, व्यापारी सब लोग ‘‘देश पहले है’’ की फिक्र करते हैं, इन विधेयकों से किसानों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आयेगा। हिन्दुस्थान समाचार/ ईश्वर/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in