नम आंखों से निगम परिवार ने दी पूर्व सभापति को श्रद्धांजलि, केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने भी बंधाया ढांढ़स
नम आंखों से निगम परिवार ने दी पूर्व सभापति को श्रद्धांजलि, केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने भी बंधाया ढांढ़स

नम आंखों से निगम परिवार ने दी पूर्व सभापति को श्रद्धांजलि, केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने भी बंधाया ढांढ़स

उदयपुर, 02 दिसम्बर (हि.स.)। राजसमंद विधायक श्रीमती किरण माहेश्वरी के कोरोना से निधन से उदयपुर व राजसमंद के भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त है। उनके बीच माहेश्वरी द्वारा कराए गए कार्यों को लेकर चर्चा जारी है। साथ ही दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करने का दौर भी जारी है। बुधवार को केन्द्रीय केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत दिल्ली से उदयपुर पहुंचे और दिवंगत विधायक के उदयपुर स्थित आवास पर आयोजित शोकसभा में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिजनों को ढांढ़स बंधाया। केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि वे मेरे लिए एक बड़ी बहन की तरह थीं जिनके मधुर व सहायक स्वभाव से पार्टी के सभी कार्यकर्ता परिचित थे। उनके रूप में हमने अपने परिवार के ही एक सदस्य को खोया है। किरण माहेश्वरी संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री, उपाध्यक्ष व महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर सांसद, मंत्री, विधायक रहीं। समाज और संगठन में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनका जाना ना सिर्फ संगठन की, परिवार की बल्कि मेरी भी व्यक्तिगत क्षति है। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्र्रीय महामंत्री संदीप काबरा भी केन्द्रीय मंत्री शेखावत के साथ रहे। शाम को नगर निगम की ओर से सुखाड़िया रंगमंच पर अपनी पूर्व और उदयपुर की पहली महिला सभापति किरण माहेश्वरी को पुष्पांजलि अर्पित की। नगर निगम उप महापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि नगर निगम परिवार द्वारा बुधवार को नगर परिषद उदयपुर की पूर्व सभापति एवं जन-जन की लाड़ली किरण माहेश्वरी को याद कर नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में महापौर गोविंद सिंह टाक, पूर्व उपमहापौर लोकेश द्विवेदी, पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत सहित समस्त वर्तमान पार्षद, नगर निगम अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित हुए। सभा में उपस्थित जन द्वारा किरण माहेश्वरी के कार्यकाल को याद करते हुए उनके द्वारा उदयपुर शहर को दिए गए योगदान के लिए धन्यवाद दिया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी की आंखें नम थी। इस अवसर पर महापौर ने किरण माहेश्वरी द्वारा उदयपुर शहर के विकास में किए गए योगदान को प्रशंसा करते हुए याद किया। सभा में पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत द्वारा नगर निगम को होने वाली आय में किरण माहेश्वरी की महत्वपूर्ण भूमिका को भी ऐतिहासिक बताया। सभा में उपमहापौर पारस सिंघवी ने रुंधे हुए गले से कहा कि नगर निगम परिवार का हर सदस्य आज किरण महेश्वरी के द्वारा किए गए उपकार को याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। हमारे मन को विश्वास नहीं हो रहा है कि हमारी बड़ी बहन हमें छोड़ कर चली गईं। जिंदगी की हर जंग जीतने वाली जन-जन की लाड़ली कोरोना से जंग हार गई। नगर निगम परिवार प्रभु से प्रार्थना करता है कि वह जहां कहीं भी हो उसका आशीर्वाद हमें हमेशा मिलता रहे। हम उनके द्वारा दिखाए गए पद चिन्हों पर चलें यही कामना है। हिन्दुस्थान समाचार/सुनीता कौशल/संदीप-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in